उत्तर प्रदेश

धमाकों से दहला मनौरी बाजार, पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट… कई मकान ढहे, 5 की मौत

कौशाम्बी के मनौरी बाजार में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट से 15 से अधिक मकान ढह गए। कई लोगों की मौत और दर्जनभर घायल, मलबे में रेस्क्यू जारी है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Blast in Kaushambi: कौशाम्बी में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट ने मनौरी बाजार और आसपास के इलाके को दहला दिया। पिपरी थाना क्षेत्र में करीब 12 बजे अचानक फैक्टरी में आग लग गई, जिसके बाद वहां रखे पटाखों में लगातार धमाके होने लगे। घटना में कई लोगों की मौत और दर्जनभर से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है।

धमाकों से दहला पूरा इलाका

विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज और कंपन आसपास के कई किलोमीटर क्षेत्र में महसूस किए गए। कुछ ही देर में इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। फैक्टरी के आसपास बने 15 से अधिक मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। कई मकानों के शीशे भी टूट गए। विस्फोट के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि आबादी से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान में पटाखा फैक्टरी संचालित हो रही थी। हादसे के समय वहां करीब दर्जनभर लोगों के मौजूद होने की सूचना है। लगातार हो रहे धमाकों के कारण शुरुआत में राहतकर्मियों के लिए घटनास्थल तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण रहा।

मलबे में तलाश जारी

सूचना मिलते ही कौशाम्बी और प्रयागराज प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस बल, दमकलकर्मियों और बचाव दल ने राहत अभियान शुरू किया। जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से क्षतिग्रस्त मकानों का मलबा हटाकर लोगों की तलाश की जा रही है। प्रयागराज के एडीजी, आईजी, डीआईजी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कौशाम्बी के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। राहत कार्य में सेना और एयरफोर्स के जवानों की मदद भी ली जा रही है।

घायलों को प्रयागराज भेजा गया

घायलों को उपचार के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया। एसआरएन में पहुंचे घायलों में पांच वर्षीय प्रांजली और 13 वर्षीय प्रवीण की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत होने की जानकारी दी गई है। गंभीर रूप से घायल उर्वशी (16), राजेश (45) और सविता का इलाज चल रहा है। समता (33), अनीता (35) और माला देवी (36) समेत अन्य घायलों का भी उपचार किया जा रहा है।

एंबुलेंस में देरी पर सवाल

परिजनों ने राहत व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि घटनास्थल पर एंबुलेंस पहुंचने में देरी हुई, जिसके चलते कुछ घायलों को निजी साधनों से अस्पताल ले जाना पड़ा। फिलहाल पटाखा फैक्टरी में आग लगने और विस्फोट की वजह स्पष्ट नहीं है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की तलाश और घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराना है।

ये भी पढ़ें: स्नैपचैट पर हत्या का आदेश, शामली में रेकी और कनाडा कनेक्शन… सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में खुलते गए राज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »