भारत

वैश्विक संकट के बीच भारत की बड़ी छलांग, 7.8% GDP ग्रोथ पर PM मोदी ने कही ये बात

प्रधानमंत्री मोदी ने 7.8% GDP ग्रोथ पर देशवासियों को बधाई दी। वैश्विक संकटों के बावजूद भारत की प्रगति को सराहा और आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी उत्पादों तथा विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर दिया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

India GDP Growth: भारत की अर्थव्यवस्था ने वैश्विक चुनौतियों के बीच एक बार फिर अपनी मजबूती दिखाई है। देश ने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर दर्ज की है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए इसे भारत की सामूहिक शक्ति, मेहनत और संकल्प का परिणाम बताया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर आर्थिक विकास को लेकर अपनी बात रखी।

भारत ने दिखाई ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया के कई हिस्से युद्ध और अलग-अलग संकटों से जूझ रहे हैं। वैश्विक स्तर पर जारी तनाव का असर सप्लाई चेन और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है। कोविड-19 महामारी के बाद दुनिया पूरी तरह स्थिर नहीं हो पाई है और लगातार नई चुनौतियां सामने आती रही हैं। इन परिस्थितियों के बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है। पीएम मोदी ने इसे देश के नागरिकों की संकल्प शक्ति और पुरुषार्थ का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भारत मुश्किल परिस्थितियों के बीच भी अपनी विकास यात्रा को लगातार आगे बढ़ा रहा है।

 राजनीति पर भी साधा निशाना

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश के भीतर चल रही राजनीतिक बयानबाजी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ भारत वैश्विक चुनौतियों को पार करते हुए आर्थिक प्रगति कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग देश में निराशा और झूठ का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 7.8 प्रतिशत की विकास दर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इसे अंतिम पड़ाव नहीं माना जा सकता। अब चुनौती इस रफ्तार को बनाए रखने और विकास की गति को और तेज करने की है।

 मजबूत होगी अर्थव्यवस्था

पीएम मोदी ने भारत को आर्थिक रूप से और मजबूत बनाने के लिए आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने विदेशों में घूमने और विदेश में शादी करने जैसी प्रवृत्तियों पर भी पुनर्विचार करने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जरूरत न हो तो सोना खरीदने से भी बचना चाहिए।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

प्रधानमंत्री ने एक बार फिर 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश अपनी युवा पीढ़ी को एक विकसित और मजबूत भारत सौंपने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए आज मेहनत, संकल्प और सही दिशा में प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार की नीतियां सही दिशा में हैं और देश के 140 करोड़ लोगों की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से 7.8 प्रतिशत की विकास दर की उपलब्धि पर खुशी मनाने के साथ-साथ आगे की आर्थिक रफ्तार के लिए नया संकल्प लेने और उसे पूरा करने में जुटने का आह्वान किया।

ये भी पढ़ें: किताब नहीं लाई तो धूप में सजा? 10 साल की बच्ची की मौत के बाद स्कूल पर गंभीर आरोप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »