Delhi News: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में 10 साल की बच्ची की मौत के बाद एक स्कूल की शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगे हैं। परिवार का दावा है कि किताब नहीं लाने पर बच्ची को धूप में खड़ा कर सजा दी गई थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। क्या है पूरा मामला मामला ईस्ट विनोद नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय का है। यहां सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली अवनी की 27 अगस्त को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, 22 जुलाई को स्कूल में एक किताब नहीं लाने पर बच्ची को कथित तौर पर धूप में खड़ा किया गया था। इसके बाद उसकी तबीयत खराब होने लगी। परिवार का कहना है कि स्कूल से सूचना मिलने के बाद वे तुरंत वहां पहुंचे। बच्ची की हालत गंभीर देखकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार, करीब एक महीने तक उसका इलाज चलता रहा, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। आखिरकार 27 अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत पर प्रदर्शन बच्ची की मौत की खबर सामने आने के बाद परिजनों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिवार ने शिक्षिका पर बच्ची को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक रविंद्र सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि घटना की जांच होनी चाहिए और यदि स्कूल का कोई सदस्य दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने आम आदमी पार्टी पर मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप भी लगाया। मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार वहीं, पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। बच्ची की मौत की वास्तविक वजह मेडिकल रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल परिवार के आरोपों की पुष्टि होना बाकी है और पुलिस मेडिकल रिपोर्ट समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ये भी पढ़ें: CNG महंगी होते ही दिल्ली में टैक्सी चालकों का मोर्चा, 3 सितंबर को बड़ा प्रदर्शन