CJP Protest: राजधानी दिल्ली के टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद स्थिति बिगड़ गई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। जंतर-मंतर पर बढ़ा तनाव जानकारी के मुताबिक, टॉलस्टॉय मार्ग पर पहले भी कई बार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बन चुकी है। ताजा घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। RAF की तैनाती के साथ ही प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इस बीच CJP ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन स्थल को घेराबंदी वाले क्षेत्र में बदल दिया गया है। CJP का कहना है कि जंतर-मंतर लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह है, जहां शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने का अधिकार हर नागरिक को है। पुलिस पर CJP के आरोप CJP ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से मांग की है कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और उन पर दबाव बनाने की कार्रवाई रोकी जाए। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन स्थल तक भोजन, पानी, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान पहुंचने में बाधा डाली जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों पर अलग पक्ष रखा गया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पिछले कई हफ्तों से चल रहे इस प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर कई भ्रामक पोस्ट और गलत सूचनाएं साझा की गईं, जिनसे कानून व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बढ़ा। तनाव के बीच निगरानी डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने दावा किया कि 20 जुलाई की हिंसा को लेकर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाई गई थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें। पुलिस ने यह भी कहा कि फर्जी खबरों और डीपफेक वीडियो से निपटने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। फिलहाल टॉलस्टॉय मार्ग और जंतर-मंतर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। ये भी पढ़ें: पटना से भागलपुर तक बवाल, बिहार में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, तेज प्रताप हिरासत में