Delhi-NCR Traffic: मंगलवार सुबह दिल्ली-NCR में बारिश और सावन शिवरात्रि के चलते कांवड़ियों की बढ़ी आवाजाही ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दफ्तर जाने के समय तेज बारिश शुरू होने से कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। दिल्ली-गाजियाबाद कॉरिडोर पर सुबह से ही वाहनों का दबाव देखने को मिला। वहीं, GT रोड पर कांवड़ यात्रा के कारण पहले से यातायात प्रभावित है। बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। नोएडा और गाजियाबाद से दिल्ली की ओर आने वाले यात्रियों को भी कई स्थानों पर जाम का सामना करना पड़ा। इन इलाकों में भी ट्रैफिक प्रभावित दिल्ली के कालिंदी कुंज, रोहिणी, ग्रेटर कैलाश, उत्तम नगर, राधाकृष्णन मार्ग, अबाई मार्ग और LSR कॉलेज से नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सावन शिवरात्रि के चलते बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली-NCR के रास्तों से अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। ऐसे में कांवड़ियों की आवाजाही के साथ बारिश और पीक ऑफिस आवर ने सड़कों पर दबाव कई गुना बढ़ा दिया। दिल्ली पुलिस ने पहले ही जारी की थी एडवाइजरी कांवड़ यात्रा को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। 11 अगस्त को कई प्रमुख मार्गों पर भारी यातायात रहने की आशंका जताई गई थी। कालिंदी कुंज और नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर कांवड़ियों की आवाजाही के कारण ट्रैफिक प्रभावित हुआ। सरिता विहार, जसोला और नोएडा से जुड़े सीमावर्ती इलाकों में भी यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण DND फ्लाईवे पर भी सुबह वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। इन रूटों पर भी बढ़ सकता है दबाव ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार आश्रम चौक, मथुरा रोड और बदरपुर मार्ग पर कांवड़ यात्रा से जुड़े प्रतिबंधों का असर यातायात पर पड़ रहा है। इससे सेंट्रल दिल्ली, साउथ दिल्ली और फरीदाबाद के बीच आने-जाने वाले वाहन प्रभावित हो सकते हैं। बदरपुर बॉर्डर और आसपास के प्रवेश मार्गों पर शिवरात्रि के कारण दिनभर यातायात का दबाव रहने की संभावना है। इसके अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाली सड़कों पर डायवर्जन के चलते भी जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में मंगलवार को दिल्ली-NCR में घर से निकलने वाले लोगों के लिए बारिश, कांवड़ यात्रा और ऑफिस टाइम की तिहरी चुनौती सामने आ गई है। ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, काले बादलों के बाद झमाझम बारिश