भारतराजनीति

NDA बैठक में PM मोदी का बड़ा संदेश, नीट पेपर लीक पर सख्ती और किसानों को दिया भरोसा

एनडीए बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि सरकार छात्रों के साथ है। नीट पेपर लीक के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गई है और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

NDA Parliamentary Party Meeting: संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को संसद पुस्तकालय भवन के जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, BJP और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दलों के सांसदों ने हिस्सा लिया। बैठक में संसद के मानसून सत्र की रणनीति, सरकार के विधायी एजेंडे और समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और सदन में एकजुटता के साथ सरकार का पक्ष रखने पर भी जोर दिया गया।

PM मोदी का आश्वासन

बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री के संबोधन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कथित नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सरकार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी वजह से नीट पुनर्परीक्षा की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर समय पर परिणाम घोषित किए गए।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पेपर लीक की जानकारी सामने आते ही जांच एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई की। मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक सुधारों पर लगातार काम कर रही है, ताकि भविष्य में छात्रों को ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।

किसानों को भरोसा

बैठक में भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने सांसदों को भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यापार समझौते में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का केंद्र किसानों का कल्याण है और हर अंतरराष्ट्रीय समझौता देश की आर्थिक जरूरतों के साथ-साथ कृषि क्षेत्र के हितों को ध्यान में रखकर किया जाता है।

दिल्ली में बढ़ता घमासान

PM का यह संदेश ऐसे समय आया है जब भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किसान संगठनों का विरोध तेज है और राजधानी में महापंचायत तथा प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, कथित नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर भी विरोध प्रदर्शन जारी हैं। हाल ही में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगें रखी थीं और संसद मार्च के दौरान प्रदर्शन को लेकर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी थी।

सकारात्मक रही बैठक

किरेन रिजिजू ने बैठक को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसदों को सरकार की हालिया उपलब्धियों, संसद में प्रभावी भूमिका और जनता से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने का संदेश दिया। बैठक के दौरान हाल ही में राज्यसभा पहुंचे नए सांसदों का भी स्वागत किया गया। भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी ‘मंगल मिलन’ को सकारात्मक और उपयोगी बैठक बताते हुए कहा कि सभी सांसदों को प्रधानमंत्री से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

ये भी पढ़ें: आखिर क्यों सड़कों पर उतरे किसान? दिल्ली में महापंचायत से पहले ट्रेड डील, जानिए पूरा विवाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »