भारत

PM आवास की ओर केजरीवाल का मार्च रोका गया, E20 विवाद पर AAP नेता धरने पर बैठे

AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को PM आवास मार्च के दौरान पुलिस ने रोका। E20 विवाद पर प्रदर्शन कर रहे आप नेता धरने पर बैठे, बीजेपी ने इसे राजनीतिक स्टंट बताया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

PM Residence March: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल के प्रधानमंत्री आवास की ओर प्रस्तावित मार्च को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। केजरीवाल अपने समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ फिरोजशाह रोड पहुंचे थे, जहां सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद आम आदमी पार्टी के कई नेता मौके पर ही धरने पर बैठ गए। केजरीवाल के साथ आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह भी मौजूद रहे। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी इस मार्च में शामिल हुईं।

जनता की आवाज लेकर पहुंचे

केजरीवाल ने दावा किया कि वह प्रधानमंत्री आवास तक जनता की आवाज पहुंचाने के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास करीब 2 लाख से ज्यादा शिकायतें और याचिकाएं हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनके साथ ऐसे लोग भी हैं जिनकी गाड़ियां E20 ईंधन के कारण खराब हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री जनता की समस्याओं को सुनेंगे और इस मुद्दे पर ध्यान देंगे।

सुरक्षा को लेकर वकीलों ने जताई चिंता

केजरीवाल के मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस को कई वकीलों की ओर से एक प्रतिनिधित्व सौंपा गया, जिसमें प्रधानमंत्री आवास जैसे संवेदनशील क्षेत्र में प्रदर्शन को लेकर चिंता जाहिर की गई। वकीलों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास देश के सबसे सुरक्षित इलाकों में शामिल है और यहां किसी भी तरह की भीड़ या प्रदर्शन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है।

प्रतिनिधित्व में 21 जुलाई 2026 की उस घटना का भी जिक्र किया गया, जब विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। वकीलों ने हाई-सिक्योरिटी क्षेत्रों में प्रदर्शन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाने की मांग भी दोहराई।

बीजेपी ने केजरीवाल पर साधा निशाना

वहीं, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने केजरीवाल के मार्च को लेकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच राजनीतिक विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही है। बीजेपी नेता ने कहा कि बिना अनुमति प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करना नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रदर्शन करना और फिर कार्रवाई के बाद खुद को पीड़ित बताना केजरीवाल की पुरानी रणनीति रही है।

फिलहाल पुलिस और आप नेताओं के बीच गतिरोध जारी है। E20 ईंधन विवाद को लेकर शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब दिल्ली की सियासत में एक नए टकराव का मुद्दा बन गया है।

ये भी पढ़ें: DMK नेता उदयनिधि स्टालिन को पुलिस ने लिया हिरासत में! एक्ट्रेस तृषा पर विवादित बयान बना गिरफ्तारी की वजह

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »