खेल

‘वैभव सूर्यवंशी को गलत तरीके से दिखाया गया’, AI से बनाए गए फर्जी वीडियो पर भड़के हर्षा भोगले

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वैभव सूर्यवंशी को घमंडी और असभ्य दिखाया गया, लेकिन हर्षा भोगले ने इसे पूरी तरह फर्जी बताते हुए सच्चाई सामने रखी।

Reported by Tanvi Pandey and edited by Shagun Chaurasia

Vaibhav Suryavanshi || Vaibhav Suryavanshi news|| Harsha Bhogle|| Vaibhav viral video: आईपीएल 2026 में अपनी शानदार बल्लेबाजी से चर्चा में आए युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले के सवालों का जवाब देते हुए असभ्य और घमंडी दिखाया गया है। हालांकि, बाद में पता चला कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है।

AI और डबिंग से बदली गई बातचीत

वायरल वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डबिंग की मदद से तैयार किया गया है। वीडियो में दिखाई गई बातचीत असली नहीं है। ऑडियो को बदलकर ऐसा दिखाया गया कि वैभव सूर्यवंशी ने हर्षा भोगले को गलत तरीके से जवाब दिया हो।

हर्षा भोगले ने जताई नाराजगी

जब यह वीडियो हर्षा भोगले तक पहुंचा, तो उन्होंने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए साफ कहा कि वीडियो पूरी तरह झूठा है। हर्षा भोगले ने बताया कि न तो उन्होंने ऐसा कोई सवाल पूछा था और न ही वैभव ने ऐसा कोई जवाब दिया था।

‘एक बच्चे के साथ क्रूर मजाक’

अपनी पोस्ट में हर्षा भोगले ने लिखा कि सोशल मीडिया पर उनका और वैभव सूर्यवंशी का एक नकली डब किया हुआ वीडियो फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें वैभव को असभ्य और घमंडी दिखाया गया है, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने इसे एक छोटे बच्चे के साथ की गई बेहद क्रूर और शरारतपूर्ण हरकत बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी जितनी भी मुलाकातें वैभव से हुई हैं, उनमें वह हमेशा सम्मानजनक रहे हैं।

बीसीसीआई और राजस्थान रॉयल्स को किया टैग

हर्षा भोगले ने इस मामले को गंभीर बताते हुए अपनी पोस्ट में बीसीसीआई और राजस्थान रॉयल्स को भी टैग किया। उन्होंने इस तरह के फर्जी कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

नमन अवॉर्ड्स का है असली वीडियो

जानकारी के मुताबिक, वायरल क्लिप ‘बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स 2026’ के दौरान हुई असली बातचीत का हिस्सा है। इसी वीडियो को एडिट करके और ऑडियो बदलकर सोशल मीडिया पर फैलाया गया। उस कार्यक्रम में वैभव सूर्यवंशी, हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों के साथ मौजूद थे।

असल बातचीत में क्या बोले थे वैभव?

कार्यक्रम के दौरान जब हर्षा भोगले ने वैभव सूर्यवंशी से बात की थी, तब युवा बल्लेबाज ने बेहद सादगी से अपनी टीम के लक्ष्य के बारे में बताया था। वैभव ने कहा था कि उनका लक्ष्य टीम के लिए ट्रॉफी जीतना है। उन्होंने यह भी कहा था कि टीम की तैयारी अच्छी चल रही है और सभी खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। वैभव ने उम्मीद जताई थी कि इस बार उनकी टीम ट्रॉफी जीतने में सफल रहेगी।

ये भी पढ़े : FIFA World Cup 2026: 48 टीमों के साथ होगा सबसे बड़ा वर्ल्ड कप, जानिए टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »