खेल

IND vs AFG: भारत की ऐतिहासिक जीत, अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर बनाया नया रिकॉर्ड

भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। डेब्यू मैच में मानव सुथार ने सात विकेट लेकर छाप छोड़ी।

Reported by Tanvi Pandey and edited by Tanvi Pandey

Ind vs Afg|| Ind vs Afg 1st test|| Manav Suthar debut|| Cricket news: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रन से जीत दर्ज की। यह टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई। भारतीय टीम ने पहली पारी में आठ विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान पहली पारी में 152 रन ही बना सका। भारत को 412 रन की बड़ी बढ़त मिली, जिसके बाद मेहमान टीम को फॉलोऑन दिया गया।

फॉलोऑन के बाद भी नहीं चला अफगानिस्तान का बल्ला

दूसरी पारी में भी अफगानिस्तान की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। टीम सिर्फ 112 रन पर सिमट गई। अफगानिस्तान की ओर से सेदिकुल्लाह अटल ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। टीम के केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने चार विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव ने तीन खिलाड़ियों को आउट किया। मानव सुथार और मोहम्मद सिराज को भी एक-एक विकेट मिला।

मानव सुथार ने डेब्यू मैच को बनाया यादगार

इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि युवा स्पिनर मानव सुथार का प्रदर्शन रहा। अपने पहले ही टेस्ट मैच में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की। मानव ने पहली पारी में छह विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में एक और सफलता हासिल की। इस तरह उन्होंने मैच में कुल सात विकेट अपने नाम किए। उनकी सटीक गेंदबाजी ने अफगान बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा।

राहुल और गिल ने रखी जीत की मजबूत नींव

भारत की पहली पारी में कई बल्लेबाजों ने अहम योगदान दिया। केएल राहुल ने 100 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 81 रन का योगदान दिया। ऋषभ पंत ने भी तेज अंदाज में 81 रन जोड़े। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 169 रन की साझेदारी हुई, जो अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी टेस्ट साझेदारी बन गई। निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाकर टीम को 564 रन तक पहुंचाया।

भारत के नाम दर्ज हुआ नया रिकॉर्ड

इस जीत के साथ भारत ने टेस्ट क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया। पारी और 300 रन से मिली यह जीत भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत बन गई। वहीं, 564 रन का स्कोर अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। हालांकि यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं था, इसलिए इससे अंक तालिका पर कोई असर नहीं पड़ा।

ये भी पढ़े : IND vs AFG Test: भारत ने रचा इतिहास, टेस्ट में दर्ज की सबसे बड़ी जीत; अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से हराया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »