खेल

IPL Final: RCB ने फिर जीता IPL का ताज, गुजरात को 5 विकेट से हराकर रचा इतिहास

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में विराट कोहली ने नाबाद 75 रन बनाए। रसिख सलाम ने तीन विकेट लिए और RCB ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

Reported by Tanvi Pandey and edited by Tanvi Pandey

RCB VS GT Final|| IPL Final||IPL 2026|| Ahmedabad Narendra Modi Stadium: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए IPL फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही बेंगलुरु ने लगातार दूसरे साल ट्रॉफी जीतने का कारनामा कर दिखाया। टीम ने इससे पहले 2025 में भी इसी मैदान पर खिताब जीता था।

गुजरात की शुरुआत नहीं रही अच्छी

पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम को शुरुआती झटके लगे। कप्तान शुभमन गिल 10 रन, साई सुदर्शन 12 रन और निशांत सिंधु 20 रन बनाकर आउट हो गए। टीम शुरुआत में बड़ी साझेदारी बनाने में सफल नहीं हो सकी।

सुंदर ने संभाली जिम्मेदारी

एक तरफ विकेट गिरते रहे, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए और टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। जोस बटलर ने 19 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। गुजरात ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए।

रसिख बने गेंदबाजी के हीरो

बेंगलुरु के गेंदबाजों ने गुजरात को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। रसिख सलाम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड को दो-दो सफलताएं मिलीं, जबकि क्रुणाल पंड्या ने एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए मिली तेज शुरुआत

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने मजबूत शुरुआत दिलाई। वेंकटेश ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम का दबाव कम कर दिया।

कोहली ने संभाली पारी

अच्छी शुरुआत के बाद बेंगलुरु ने कुछ जल्दी विकेट गंवा दिए। देवदत्त पडिक्कल 1 रन, रजत पाटीदार 15 रन और क्रुणाल पंड्या 1 रन बनाकर आउट हुए। इसके बावजूद विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा और रन बनाते रहे।

छक्के के साथ खत्म किया मुकाबला

टिम डेविड ने 24 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि जितेश शर्मा 11 रन बनाकर नाबाद रहे। विराट कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए और 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। बेंगलुरु ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

वैभव के नाम रही ऑरेंज कैप

सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप हासिल की। शुभमन गिल 732 रन और साई सुदर्शन 722 रन के साथ उनके पीछे रहे।

ये भी पढ़ें:  IPL 2026 Controversies:कभी वेपिंग तो कभी मैदान पर बहस,इन 8 घटनाओं ने पूरे सीजन में बटोरी सुर्खियां

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »