खेल

मां बनने के बाद वापसी की राह मुश्किल, विनेश फोगाट को ट्रायल में नहीं मिली अनुमति

विनेश फोगाट को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने 14 सितंबर के विश्व चैंपियनशिप चयन ट्रायल में उन्हें विशेष छूट देकर शामिल करने से इनकार किया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Vinesh Phogat: भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को 2026 सीनियर विश्व चैंपियनशिप के चयन ट्रायल से पहले बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें 14 सितंबर को होने वाले चयन ट्रायल में शामिल होने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने अंतरिम आदेश में कहा कि मौजूदा नियमों से अलग जाकर विनेश को विशेष छूट नहीं दी जा सकती।

मातृत्व और करियर पर बड़ा सवाल

हालांकि, अदालत ने इस मामले को केवल पात्रता के नियमों तक सीमित नहीं रखा है। हाईकोर्ट ने कहा कि महिला खिलाड़ियों के मातृत्व और खेल करियर के बीच संतुलन का सवाल महत्वपूर्ण है। अदालत इस बात पर विचार करेगी कि क्या किसी महिला खिलाड़ी को मां बनने और अपना खेल करियर जारी रखने में से किसी एक को चुनने की स्थिति में होना चाहिए। विनेश जुलाई 2025 में मां बनी थीं और इसके बाद वह मैटरनिटी लीव से वापस लौटीं। उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के लिए होने वाले चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति मांगी थी।

क्या कहते हैं ट्रायल के नियम?

भारतीय कुश्ती महासंघ ने 7 सितंबर को चयन ट्रायल के लिए पात्रता से जुड़े नियम जारी किए थे। इनके मुताबिक पहलवानों के लिए कुछ अनिवार्य प्रतियोगिताओं में भाग लेना जरूरी है। हाईकोर्ट ने कहा कि ये नियम सभी खिलाड़ियों पर समान रूप से लागू होते हैं। चूंकि विनेश निर्धारित अनिवार्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकीं, इसलिए मौजूदा नियमों के तहत वह चयन ट्रायल के लिए पात्र नहीं मानी गईं।

विनेश ने क्यों मांगी थी राहत?

विनेश की ओर से दलील दी गई कि गर्भावस्था, बच्चे के जन्म और प्रसव के बाद स्वास्थ्य लाभ के कारण वह प्रतियोगिताओं से दूर रहीं। इसी अवधि को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अदालत से नियमों में विशेष छूट देने की मांग की थी। फिलहाल कोर्ट ने उन्हें ट्रायल में उतरने की अनुमति नहीं दी है। हालांकि, मातृत्व के बाद महिला खिलाड़ियों की वापसी और उनके करियर से जुड़े व्यापक सवाल पर अंतिम फैसला अभी बाकी है।

ये भी पढ़ें: अजीत वर्मा के तूफानी 75 रन से लखनऊ फाल्कन्स प्लेऑफ में, गोरखपुर लायंस को 24 रन से हराया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »