उत्तर प्रदेश

खेलते-खेलते नाले में गिरा तीन वर्षीय मासूम, सुबह सफाई के दौरान मिला शव

औरैया में खेलते समय लापता तीन वर्षीय रोशन का शव अगले दिन नाले से मिला। नगर पालिका कर्मचारियों ने सफाई के दौरान शव बरामद किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर जांच शुरू की।

Reported by Dipanshu Savran and edited by Shagun Chaurasia

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर मोहल्ले में खेलते-खेलते लापता हुए तीन वर्षीय मासूम का शव अगले दिन सुबह नाले से बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

रातभर चला खोज अभियान

जानकारी के अनुसार, नारायणपुर निवासी राहुल, जो पेशे से हलवाई हैं, का तीन वर्षीय बेटा रोशन गुरुवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने पहले आसपास उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो स्थानीय लोगों की मदद से रातभर खोजबीन जारी रही। इसके बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।

नाले में मिला शव

शुक्रवार सुबह करीब सात बजे नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नियमित सफाई के लिए नाले में उतरे। सफाई के दौरान उनकी नजर एक बच्चे के शव पर पड़ी। कर्मचारियों ने तुरंत शव को बाहर निकालकर 50 शैया संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव की पहचान तीन वर्षीय रोशन के रूप में हुई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आए।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय मासूम नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें: पुलिस-बदमाश मुठभेड़: इटावा एसओजी के दो सिपाही घायल, दो बदमाश ढेर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »