Bahraich Police: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के जरवल थाना क्षेत्र में हाईवे पर चलने वाली यात्री बसों को कथित तौर पर जबरन एक ढाबे पर ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े वीडियो और दावों के वायरल होने के बाद पुलिस ने ढाबा संचालक समेत तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर गुंडागर्दी पुलिस के अनुसार, आरोप है कि लखनऊ-बहराइच हाईवे पर सक्रिय कुछ लोग रास्ते में यात्री बसों को रोककर उन्हें जबरन आरएन ढाबे की ओर मोड़ देते थे। बताया जा रहा है कि कई बार सवारियों से भरी बसों को भी बीच रास्ते में घेरकर ढाबे तक ले जाया जाता था, जिससे बस चालकों और यात्रियों में भय का माहौल बना रहता था। वायरल वीडियो पर कार्रवाई मामले ने तब तूल पकड़ा जब कथित घटनाओं से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जरवल थाने में आरएन ढाबा संचालक सलमान, कदीर, बबलू और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: बहराइच ट्रांसपोर्टर हत्याकांड का खुलासा, तीन और आरोपी गिरफ्तार