उत्तर प्रदेशबहराइच

बहराइच में गोकशी की सूचना से मुठभेड़ तक… पुलिस का एक्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार

बहराइच में गोकशी के मामले की जांच के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप लगा। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि दो अन्य पकड़े गए।

Reported by AJAY SHARMA and edited by Shagun Chaurasia

Bahraich Police News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में गोवंश अवशेष मिलने के मामले की जांच के दौरान पुलिस की संदिग्ध आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन लोगों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को पीछा कर पकड़ लिया गया।

गोवंश अवशेष मिलने से जांच शुरू

मामला मोतीपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर खुर्द गांव का है। 24 सितंबर 2026 को यहां गोवंश के कुछ अवशेष मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद मोतीपुर थाने में गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन किया था।

मुखबिर की सूचना पर चेकिंग

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए। इसी बीच रात में मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध दोबारा इसी तरह की घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं और लौकही की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर पुलिस टीम के साथ जोगनिया बैराज मार्ग पर बाढ़ राहत केंद्र बंधा मोड़, कंजड़वा के पास संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच करने लगे। कुछ देर बाद गायघाट की ओर से एक बाइक पर तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, पुलिस ने पीछा कर दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया।

तीनों आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान सोनू पुत्र मुल्ला, निवासी बालापुर, थाना रुपईडीहा के रूप में हुई। दूसरे आरोपी का नाम शहजाद उर्फ कलूटे पुत्र रमजान, निवासी उचवा बालापुर और तीसरे की पहचान सोनू पुत्र भुसैली, निवासी खैरी, शाहपुर खुर्द, थाना मोतीपुर के रूप में हुई। घायल सोनू को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ पहले भी गोकशी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

बाइक और हथियार समेत सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 1,940 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक तराजू-बांट, एक किलो और 500 ग्राम के बाट, मांस काटने वाला लकड़ी का ठीहा और तीन चाकू भी बरामद किए गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और बरामद सामान तथा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: मुठभेड़ में चैन स्नेचर घायल, घेराबंदी के दौरान भाई आरिफ भी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »