उत्तर प्रदेश

पेड़ काटते समय हुआ बड़ा हादसा, नीचे दबा मजदूर, क्रेन से रेस्क्यू

गाजीपुर में पेड़ कटाई के दौरान भारी-भरकम यूकेलिप्टस मजदूर पर गिर गया। करीब 45 वर्षीय भीम बिंद पेड़ के नीचे दब गए, जिन्हें क्रेन की मदद से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

Reported by Pradeep Dubey and edited by Shagun Chaurasia

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में रात के अंधेरे में पेड़ कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विकास भवन चौराहे के पास आरटीआई कार्यालय की बाउंड्री से लगे करीब 50 फीट लंबे भारी-भरकम यूकेलिप्टस के पेड़ की कटाई के दौरान पेड़ अचानक मजदूर के ऊपर जा गिरा। बताया जा रहा है कि पेड़ के नीचे करीब 45 वर्षीय मजदूर भीम बिंद दब गए।

क्रेन से मजदूर को बचाया

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूर को बचाने के लिए आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और पेड़ को हटाने का प्रयास किया, लेकिन भारी-भरकम पेड़ को लोग मिलकर भी हिला नहीं सके। मजदूर जिंदगी और मौत के बीच पेड़ के नीचे फंसा रहा। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर विनोद जोशी के नेतृत्व में गोरा बाजार चौकी प्रभारी शिवाकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल क्रेन की व्यवस्था कराई गई। क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया।

घायल मजदूर अस्पताल पहुंचा

इसके बाद चौकी प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने खुद अपने सहयोगियों के साथ घायल मजदूर को टेंपो में लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल मजदूर की पहचान बिंदवालिया आलम पट्टी निवासी करीब 45 वर्षीय भीम बिंद पुत्र गर्जन बिंद के रूप में हुई है। भीम बिंद मजदूरी का काम करते हैं और पेड़ कटाई के दौरान यह हादसा हुआ।

सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

वहीं जानकारी के मुताबिक आरटीआई कार्यालय परिसर में मौजूद पेड़ों की नीलामी के बाद जहूर मियां उर्फ मल्लन ठेकेदार के जरिए पेड़ों की कटाई कराई जा रही थी। इसी दौरान भारी-भरकम यूकेलिप्टस का पेड़ मजदूर के ऊपर जा गिरा। फिलहाल घायल मजदूर जिला अस्पताल में उपचाराधीन है। हादसे के बाद पेड़ कटाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें: विनीत राय हत्याकांड में बड़ी गिरफ्तारी, एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »