UP Administrative Reshuffle: उत्तर प्रदेश में रविवार देर रात योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। तबादला सूची सामने आते ही प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों समेत कई अहम पदों पर तैनात अफसरों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। तीन जिलों के CDO बदले सहारनपुर के सीडीओ सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। लखीमपुर खीरी के सीडीओ अभिषेक कुमार को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग भेजा गया है। अयोध्या के एडीएम नगर योगानंद पांडेय अब लखीमपुर खीरी के सीडीओ होंगे। वहीं, अंबेडकर नगर के सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला को विशेष सचिव रेशम विभाग और निदेशक रेशम की जिम्मेदारी दी गई है। कुशीनगर के एडीएम वित्त एवं राजस्व को अंबेडकर नगर का नया सीडीओ बनाया गया है। काशी विश्वनाथ CEO भी बदले काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा को पद से हटाकर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में उपसचिव बनाया गया है। इसके अलावा आईटी विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव, अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव और अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। गौतमबुद्धनगर में भी बदलाव प्रयागराज के एडीएम नजूल एवं उपसंचालक चकबंदी संजय कुमार पांडेय को गौतमबुद्धनगर का एडीएम प्रशासन बनाया गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर के एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे को उपसंचालक चकबंदी, प्रयागराज भेजा गया है। गोंडा के एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह को भी गौतमबुद्धनगर में नई जिम्मेदारी मिली है। 34 PCS अफसरों को नई जिम्मेदारी तबादला सूची में 34 पीसीएस अधिकारियों को भी नई तैनाती दी गई है। वाराणसी और मथुरा नगर निगमों में अपर नगर आयुक्त समेत कई पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, देवरिया, बहराइच, बागपत और अन्य जिलों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। देर रात हुए इस फेरबदल के बाद अब नौकरशाही में अगली संभावित नियुक्तियों और बदलावों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर यौन शोषण? मोहम्मद शमी के भाई कैफ पर रेप का आरोप