Itawa Crime: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय दिव्यांग किशोरी के साथ कथित गैंगरेप की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। वारदात के बाद गांव में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया तथा उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसके बाद मामला और चर्चा में आ गया। किशोरी को जबरन पकड़ा पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम करीब छह बजे की है। पीड़िता अपनी दो सहेलियों के साथ खेत की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान चार युवक वहां पहुंचे और किशोरी को जबरन पकड़ लिया। सहेलियां घबराकर मौके से भाग गईं और शोर मचाया। इसी बीच आसपास मौजूद कुछ युवक और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। पुलिस ने संभाला मोर्चा घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। एएसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र, सीओ भरथना राम दवन मौर्य और थाना प्रभारी विपिन मलिक ने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। किशोरी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे परिजनों के साथ तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मेडिकल जांच कराई गई। आरोपी हुआ गिरफ्तार पुलिस के मुताबिक, शुरुआती कार्रवाई में मामला छेड़छाड़ की धाराओं के तहत दर्ज किया गया था, लेकिन परिजनों की तहरीर और जांच के आधार पर दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। पुलिस ने आरोपी सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच जारी है। ये भी पढ़ें: पुलिस-बदमाश मुठभेड़: इटावा एसओजी के दो सिपाही घायल, दो बदमाश ढेर