Noida Drug Bust: उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करोड़ों के ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना फेस-1 पुलिस ने एंबुलेंस की आड़ में गांजा तस्करी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी कार्रवाई में कुख्यात महिला तस्कर नूरी की भतीजी को भारी मात्रा में स्मैक के साथ दबोच लिया। दोनों मामलों के बाद पुलिस पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। एंबुलेंस मे गांजे की तस्करी पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर झुंडपुरा बॉर्डर के पास घेराबंदी की गई। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मारुति इको एंबुलेंस को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 64 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। मौके से चालक ओमवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह ओडिशा से विशेष किस्म का गांजा खरीदकर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाता था। एंबुलेंस होने की वजह से टोल प्लाजा और पुलिस जांच के दौरान उस पर कम शक होता था, जिसका वह लगातार फायदा उठा रहा था। इसके बाद गांजे को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था। https://twitter.com/INDIAHEADLINEST/status/2079544296236368280 नूरी की भतीजी के पास मिली लाखों की स्मैक इसी अभियान के दौरान पुलिस ने सेक्टर-8 क्षेत्र से 19 वर्षीय अफसाना उर्फ बेबी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 280 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा स्मैक बेचकर जुटाए गए 4,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पूछताछ में अफसाना ने खुलासा किया कि वह अपनी बुआ और कुख्यात तस्कर नूरी के कहने पर स्मैक की पुड़ियां तैयार कर झुग्गी-झोपड़ियों और फैक्ट्री क्षेत्रों में बेचती थी। पुलिस के अनुसार नूरी इस पूरे नेटवर्क की सरगना है और फिलहाल फरार है। उसे पहले ही वांछित घोषित किया जा चुका है। पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ओमवीर ओडिशा में किन तस्करों से गांजा खरीदता था और दिल्ली-एनसीआर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई होती थी। वहीं, नूरी के गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। दोनों मामलों मे एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। ये भी पढ़ें: ग्रैंड वेनिस मॉल पर ईडी का बड़ा एक्शन, 700 करोड़ की संपत्तियां कुर्क,निवेशकों से ठगी का आरोप