Noida Drug Racket: गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने ड्रग्स तस्करी का खुलासा करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत का अलग-अलग तरह का मादक पदार्थ बरामद हुआ है। पूरे मामले का खुलासा एडीसीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। ड्रग रैकेट बेनकाब ग्रेटर नोएडा के एजुकेशन हब को नशे की गिरफ्त में लेने की साजिश रच रहे चार ड्रग तस्करों को नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी छात्रों और युवाओं को अपना निशाना बनाकर महंगे नशे की सप्लाई करते थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 1.05 किलो शिलांग गांजा, Champagne MD, OG California Weed, 144 MDMA Ecstasy गोलियां और Hash बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया है। ड्रग सिंडिकेट निशाने पर एडीसीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह नशीला सामान कहां से लाया जाता था और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी। फिलहाल चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। ये भी पढ़ें: घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, हथियार समेत आरोपी गिरफ्तार