Gurugram–Greater Noida Metro : हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच की भौगोलिक दूरी जल्द ही कम होने वाली है। सरकार दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के सफर को बेहद आसान और तेज बनाने के लिए एक बड़ी योजना पर कार्य कर रही है। इस नई योजना के अंतर्गत अगले कुछ वर्षों में गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक एक ही मार्ग पर नमो भारत (आरआरटीएस) और मेट्रो ट्रेनों का परिचालन एक साथ देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर हरियाणा सरकार को अनुमोदन के लिए भेज दी है। इस पूरे प्रोजेक्ट के निर्माण पर लगभग 19 हजार 390 करोड़ रुपये की भारी लागत आने का अनुमान है। 63 किमी लंबे रूट पर बनेंगे 22 स्टेशन यह पूरी परियोजना लगभग 63 किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें से 50 किलोमीटर का मुख्य हिस्सा हरियाणा में और 13 किलोमीटर का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के दायरे में आएगा। डीपीआर के मुताबिक, इस सम्पूर्ण कॉरिडोर पर कुल 22 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की विशेषता यह है कि इसमें से 7 स्टेशन नमो भारत ट्रेन के लिए होंगे, जबकि बाकि15 स्टेशन मेट्रो ट्रेन के लिए बनाए जाएंगे। साथ ही, गुरुग्राम के इफ्को चौक पर एक बड़ा इंटरचेंज स्टेशन होगा, जहाँ गुरुग्राम-ग्रेटर नोएडा रूट और दिल्ली के सराय काले खां से बावल तक जाने वाला नमो भारत रूट आपस में जुड़ेगा। इस इंटरचेंज के निर्माण से रेवाड़ी, धारूहेड़ा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा करना बहुत सरल हो जाएगा। जानिए कहां-कहां बनेंगे नमो भारत और मेट्रो के स्टेशन परियोजना के तहत नमो भारत के 5 स्टेशन गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच स्थापित किए जाएंगे, जिसमें गुरुग्राम में सेक्टर-61, सेक्टर-58 चौक और ग्वाल पहाड़ी शामिल हैं, तथा फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी, बाटा चौक और सेक्टर-87-88 चौक पर स्टेशन तैयार होंगे। उत्तर प्रदेश के क्षेत्र में नोएडा के सेक्टर-142 और सेक्टर-168 चौक तथा ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में दो स्टेशन बनाए जाएंगे। इसी ट्रैक पर स्थानीय कनेक्टिविटी के लिए गुरुग्राम में 5 और फरीदाबाद में 7 मेट्रो स्टेशन बनाने की योजना है। एचएमआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही जीएमडीए, एचएसवीपी और नगर निगमों से इस डीपीआर पर सुझाव और आपत्तियां लेकर इसे मुख्यमंत्री के पास अंतिम मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि कार्य परक्रिया शुरू की जा सके। ये भी पढ़े : जंगलराज से मंगलराज बना जेवर… CM योगी ने 6,785 करोड़ की इलेक्ट्रॉनिक्स परियोजनाओं की रखी नींव