New Noida: न्यू नोएडा के विकास को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ने लगी है। जमीन अधिग्रहण और रजिस्ट्री को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की है। बैठक में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया और किसानों की जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी जानकारी साझा की गई। 37 गांवों की जमीन पहले चरण में जानकारी के मुताबिक, न्यू नोएडा के पहले चरण में 37 गांवों की जमीन को शामिल किया गया है। इनमें गौतमबुद्ध नगर के 13 और बुलंदशहर के 24 गांव बताए जा रहे हैं। प्राधिकरण की ओर से किसानों को जमीन की रजिस्ट्री सीधे प्राधिकरण के माध्यम से कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई है। इस प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ ही न्यू नोएडा के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों को जमीन पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ने की उम्मीद है। जमीन अधिग्रहण को लेकर स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं। 105 मीटर रोड से जुड़ेगा न्यू नोएडा न्यू नोएडा को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए सड़क नेटवर्क विकसित करने की भी योजना है। प्रस्तावित 105 मीटर चौड़ी सड़क के जरिए जीटी रोड और ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे को जोड़े जाने की तैयारी है। इससे न्यू नोएडा के विभिन्न हिस्सों तक आवागमन आसान बनाने का लक्ष्य है। जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी पर जोर इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट से दादरी-जारचा होते हुए एनएच-24, हापुड़ हाईवे और गंगा एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी मजबूत करने की योजना बताई जा रही है। इससे न्यू नोएडा को आसपास के प्रमुख हाईवे और एयरपोर्ट नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिल सकती है। जमीन अधिग्रहण और सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर दादरी, जारचा और बुलंदशहर से जुड़े बड़े क्षेत्र में विकास का नया ढांचा तैयार होने की उम्मीद है। अब निगाह इस बात पर है कि अधिग्रहण की प्रक्रिया कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और न्यू नोएडा का विकास जमीन पर कब दिखाई देता है। ये भी पढ़ें: गुरुग्राम के बाद ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन, तेज रफ्तार कार की टक्कर से कई फीट उछला युवक