Meerut Central Market: मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सील किए गए 44 भवनों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। बुधवार सुबह आवास एवं विकास परिषद की टीम बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होने के बाद पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर रोक लगा दी गई। अब तक छह भवनों को ध्वस्त किया जा चुका है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई मामला शास्त्री नगर के सेंट्रल मार्केट में आवासीय भवनों में किए गए व्यावसायिक इस्तेमाल से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद परिषद ने यहां बने व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, स्कूल, अस्पताल, मिठाई की दुकान, ज्वैलरी शोरूम, डेयरी और सैलून समेत कई प्रतिष्ठानों को सील किया था। बताया गया कि 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने 44 संपत्तियों को ध्वस्त करने का आदेश दिया था। इसके बाद परिषद ने सभी संपत्तियों का सर्वे कराया और भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा पहले ही समाप्त हो चुकी है। 21 सितंबर को होनी है सुनवाई मामले में सुप्रीम कोर्ट में 21 सितंबर को सुनवाई प्रस्तावित है। इससे पहले आवास एवं विकास परिषद को अदालत के आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट पेश करनी है। इसी के चलते बुधवार सुबह करीब नौ बजे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई और छह भवनों को गिरा दिया गया। सेंट्रल मार्केट में भारी फोर्स तैनात कार्रवाई को देखते हुए शास्त्री नगर के प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पूरे सेंट्रल मार्केट क्षेत्र को सील कर दिया गया है। बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर जुटे हैं, जबकि कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान निकालते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को भी रास्ते में रोका गया। वहीं, अधिकारियों के निर्देश का हवाला देते हुए मीडिया कर्मियों को भी अंदर जाने और कैमरा चलाने की अनुमति नहीं दी गई। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे जारी है। ये भी पढ़ें: मेरठ में कांवड़ियों पर बरसे फूल, CM योगी के मंच के सामने ड्रोन से मचा हड़कंप