Noida News: गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने नकली नोट छापने और उनकी तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 100-100 रुपये के 2,549 जाली नोट बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत 2,54,900 रुपये बताई गई है। पुलिस ने नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक स्कॉर्पियो कार भी जब्त की है। चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी पुलिस के मुताबिक, सिरसा गोल चक्कर पर वाहनों की जांच के दौरान स्कॉर्पियो में सवार तीन संदिग्धों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद हुए। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी इन नोटों को बाजार में चलाने के इरादे से ले जा रहे थे। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि बरामद नोटों की जांच करने पर उन पर एक ही सीरियल नंबर छपा मिला। इससे नोटों के जाली होने की पुष्टि हुई। अलीगढ़ के रहने वाले हैं तीनों आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी अत्री निवासी पालर, थाना टप्पल, अलीगढ़ तथा खुशदिल और उपेंद्र कुमार निवासी कसेरू क्षेत्र, थाना चंडौस, अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी असली नोटों की नकल करके नकली करेंसी तैयार करते थे। इसके बाद वे नकली नोटों को असली बताकर बाजार में चलाने की कोशिश करते थे। मौके से प्रिंटर, कटिंग मशीन और स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है। गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच की जा रही है कि नकली नोट कहां तैयार किए जाते थे, इन्हें बाजार में कहां-कहां खपाने की योजना थी और इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट बनी मुसीबत, 20 मिनट तक फंसे रहे 13 लोग, अलार्म ने भी दिया धोखा