Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में एक बार फिर निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित इको विलेज-1 सोसाइटी में 20वीं मंजिल से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे पार्किंग में खड़ी एक कार पर गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, ई-टावर के पीछे खुले पार्किंग क्षेत्र में निवासी अंकुर अग्रवाल की अर्टिगा कार खड़ी थी। देर रात तेज आंधी के दौरान ऊपरी मंजिल से प्लास्टर का हिस्सा अचानक टूटकर कार की छत पर आ गिरा। सुबह जब वाहन मालिक मौके पर पहुंचे तो उन्होंने कार को क्षतिग्रस्त हालत में देखा। कार की छत और ऊपरी हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मेंटेनेंस शुल्क वसूलने से बाद भी बुरा हाल घटना के बाद सोसाइटी निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि नियमित रूप से भारी मेंटेनेंस शुल्क वसूला जाता है, लेकिन इमारत की सुरक्षा और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनका आरोप है कि यदि इसी तरह प्लास्टर और निर्माण सामग्री गिरती रही तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। निवासियों ने बिल्डिंग का तत्काल स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने, निर्माण गुणवत्ता की जांच करने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत की मांग उठाई है। इस घटना ने एक बार फिर बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ये भी पढें: ‘बचपन बचाओ, भविष्य बनाओ’: विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर बच्चों के अधिकारों की वैश्विक पुकार