उत्तर प्रदेशनोएडा

AI से बनाई आपत्तिजनक तस्वीरें, फिर WhatsApp पर वायरल… पूर्व ड्राइवर पर FIR

ग्रेटर नोएडा में एआई से महिला की फर्जी आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने और वायरल करने का आरोप लगा है। पूर्व ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में एआई तकनीक के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पूर्व ड्राइवर ने महिला की फर्जी और आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए रिश्तेदारों व परिचितों तक पहुंचा दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नौकरी छोड़ी फिर सामने आया मामला

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, बरेली निवासी राजवीर शिकायतकर्ता के यहां ड्राइवर के तौर पर काम करता था। आरोप है कि 27 अगस्त को वह अचानक नौकरी छोड़कर चला गया। इसके बाद कथित तौर पर उसने एआई तकनीक की मदद से शिकायतकर्ता की पत्नी की फर्जी तस्वीरें तैयार कीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन तस्वीरों को बाद में सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के माध्यम से परिवार के रिश्तेदारों और अन्य परिचितों को भेजा गया। तस्वीरें सामने आने के बाद परिवार को मामले की जानकारी हुई।

पुलिस तक पहुंची शिकायत

मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित पक्ष रबूपुरा कोतवाली पहुंचा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रविवार सुबह करीब 10 बजे संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली। शिकायतकर्ता का कहना है कि फर्जी तस्वीरों के प्रसार से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

रबूपुरा पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस कथित तौर पर वायरल की गई सामग्री, उसे भेजे जाने के माध्यम और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में आरोपों की पुष्टि के लिए उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। साक्ष्य मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डिस्क्लेमर: यह खबर शिकायत और दर्ज FIR में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच या न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मानी जाएगी। महिला की पहचान गोपनीय रखी गई है।

ये भी पढ़ें: 5 दिन बैंकिंग की मांग पर नोएडा में प्रदर्शन, 60 से ज्यादा अधिकारी सड़क पर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »