Hamirpur News || Three Children Death || Pond Drowning Case|| UP News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र स्थित खंडेह गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। कैसे हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक रामजानकी मंदिर के पीछे स्थित तालाब में गांव के प्रबल यादव, आदित्य कुशवाहा और भोला कुशवाहा नहाने गए थे। तीनों बच्चों की उम्र करीब 8 से 11 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बताया गया कि बच्चों को तैरना नहीं आता था। नहाते समय अचानक वे तालाब की गहराई में चले गए और डूबने लगे। नहीं बच पाई जान बच्चों की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को तालाब से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ये भी पढ़ें: हमीरपुर कलेक्ट्रेट प्रदर्शन पर बवाल पड़ा भारी! भाजयुमो जिलाध्यक्ष समेत 56 लोगों पर केस