GIMS Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को हड़ताल के 11वें दिन कर्मचारियों के जुटने पर माहौल फिर गर्म हो गया। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने के लिए दौड़ाया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। नाले में गिरी महिला कर्मचारी कर्मचारियों के मुताबिक पुलिस कार्रवाई के दौरान एक महिला कर्मचारी नाले में गिर गई। उसका कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मदद नहीं की। बाद में साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने ही उसे बाहर निकाला। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने की बात कही जा रही है। मांगों को लेकर जारी है आंदोलन आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि उन्हें नियमित या संविदा पर रखा जाए। इसके साथ ही हाल ही में हुई भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने की मांग भी कर्मचारी कर रहे हैं। बातचीत बेनतीजा रहने के बाद बढ़ा विवाद बुधवार को जिला प्रशासन, पुलिस, जिम्स प्रशासन और कर्मचारियों के बीच लंबी बातचीत हुई थी। कर्मचारियों का दावा है कि करीब 28 घंटे चली इस वार्ता में कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने दोबारा धरना जारी रखने का फैसला किया। कर्मचारियों ने लगाए आरोप हड़ताली कर्मचारियों का आरोप है कि रात के समय पुलिस ने उन पर बल प्रयोग किया। उनका कहना है कि हड़ताल स्थल की लाइटें और कैमरे बंद कर दिए गए थे। साथ ही मुख्य और इमरजेंसी गेट भी बंद कर दिए गए थे, जिसके बाद उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की गई। मोबाइल छीनने का आरोप कर्मचारियों का दावा है कि विरोध करने पर उन पर लाठीचार्ज किया गया। उनका आरोप है कि वीडियो बना रहे लोगों के मोबाइल छीनने की कोशिश की गई और उन्हें निशाना बनाकर मारा गया। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि महिला कर्मचारियों के साथ भी सख्ती की गई। रात में पुलिस लाइन ले जाए गए कर्मचारी कर्मचारियों के अनुसार पहले उन्हें ओपीडी नंबर 17 के सामने बैठाया गया। बाद में रात करीब साढ़े 12 बजे बसों में बैठाकर पुलिस लाइन ले जाया गया। इसके बाद भी आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ और कुछ कर्मचारी अगले दिन फिर अपनी मांगों को लेकर परिसर में जुटने लगे। हॉस्टल से कर्मचारियों को उठाने का आरोप हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि जिम्स के एम ब्लॉक हॉस्टल में रहने वाले कर्मचारियों को भी पुलिस तलाश कर रही है। उनका आरोप है कि कुछ कर्मचारियों को वहां से भी उठाया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों पर पुलिस या जिम्स प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ये भी पढ़े: किसानों को बड़ी राहत, यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर फ्री; स्पेशल FASTag बांटे गए