उत्तर प्रदेशनोएडा

पहले गुलेल से लेते थे ‘टेस्ट’, फिर साफ कर देते थे घर! NCR में सक्रिय शातिर गैंग का पर्दाफाश

नोएडा पुलिस ने बंद घरों में चोरी करने वाले गुलेल गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपी पहले गुलेल से घर की जांच करते, फिर चोरी की वारदात को अंजाम देते।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Police Action: दिल्ली-NCR के बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, नकदी, चोरी का सामान, बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं।

गुलेल से होती जांच

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुलंदशहर के खुर्जा निवासी फिरोज उर्फ बब्लू और बरेली के सुभाष नगर निवासी आशीष के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल नोएडा में किराये पर रह रहे थे और टैक्सी चालक के रूप में काम करते थे। इनमें फिरोज को गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, जिस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दिन में टैक्सी चलाने के दौरान विभिन्न इलाकों में बंद मकानों की रेकी करते थे। रात होने पर वे उन घरों के पास पहुंचते और सबसे पहले गुलेल से खिड़कियों या दरवाजों की ओर पत्थर फेंकते थे। यदि अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती, तो वे यह सुनिश्चित कर लेते कि घर खाली है।

चोरी का पूरा खेल

इसके बाद आरोपी ताला तोड़कर या बालकनी के रास्ते घर में प्रवेश करते और चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। नकदी, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान ही नहीं, बल्कि घरों में लगी स्टील की टोंटियां तक चोरी कर लेते थे। पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान आरोपी चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपियों को सेक्टर-29 स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो चाकू, करीब 20 हजार रुपये नकद, चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।

अपराधों का लंबा रिकॉर्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आशीष के खिलाफ दिल्ली और नोएडा में लूट व चोरी के 14 मामले दर्ज हैं, जबकि फिरोज पर 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई और चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है।

ये भी पढ़ें: सड़कों पर झील, कीचड़ में फंसे गांव और सेक्टर! बारिश ने खोली विकास की हकीकत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »