Noida Fire: नोएडा सेक्टर-88 स्थित एक फैक्ट्री में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री का ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। गार्ड की सतर्कता जानकारी के अनुसार, थाना फेज-2 क्षेत्र के बी ब्लॉक में स्थित सुरभि इंटरनेशनल फैक्ट्री से देर रात धुआं निकलता दिखाई दिया। फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा गार्ड ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और कई गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। ढाई घंटे में काबू मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, जब दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तब तक आग काफी फैल चुकी थी। आग की लपटें फैक्ट्री के निचले हिस्से के साथ-साथ पहली मंजिल तक पहुंच चुकी थीं। इसके बाद दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला और लगातार करीब ढाई घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। शॉर्ट सर्किट की आशंका राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री बंद थी और अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से फैक्ट्री में रखे सामान और मशीनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के इलेक्ट्रिकल पैनल में तकनीकी खराबी के कारण आग भड़की हो सकती है। फिलहाल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके। ये भी पढ़ें: GST कलेक्शन में नोएडा का बड़ा धमाल! जून में 1235 करोड़ का राजस्व, प्रदेश में बना नंबर-1