Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना चौबिया क्षेत्र के अंतर्गत नगला खगी गांव में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे धान की रोपाई के दौरान खेत में करंट फैल जाने से 32 वर्षीय किसान की मौके के पर मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कैसे हुआ हादसा जानकारी के अनुसार नगला खगी निवासी विपिन कुमार यादव (32) पुत्र आशाराम यादव शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपने पिता के साथ खेत में धान की रोपाई करने गए थे। खेत में ट्यूबवेल के लिए बिछे बिजली के तार में करंट उतर आया, जिससे पानी में विद्युत प्रवाह फैल गया। रोपाई के दौरान विपिन करंट की चपेट में आ गए और खेत में गिर पड़े। परिवार पर टूटा कहर घटना देख पिता ने बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन खेत में करंट फैला होने के कारण वह उसके पास नहीं पहुंच सके। उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और ग्रामीणों की मदद से विपिन को खेत से बाहर निकालकर निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया।जिला अस्पताल में ईएमओ डॉ. सौरभ गुप्ता और ट्रेनी डॉक्टर मौसम विश्वास ने परीक्षण के बाद विपिन को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मां श्यामा देवी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में पसरा मातम मृतक युवक के परिजन ने बताया कि विपिन कुमार यादव बीएससी तक शिक्षित थे और अपने पिता के साथ खेतीबाड़ी का कार्य करते थे। वह दो भाइयों में बड़े थे। अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ये भी पढ़ें: खड़े ट्रक में घुसी दिल्ली जा रही बस, ड्राइवर-कंडक्टर की दर्दनाक मौत, 24 से अधिक यात्री घायल