उत्तर प्रदेशबरेली

ऑनलाइन गेम का लालच देकर खाते में लाखों की ठगी! ऑपरेशन ‘साई व्रज’ में पुलिस के हत्थे चढ़े दो साइबर शातिर

बरेली में ऑपरेशन 'साई व्रज' के तहत पुलिस ने ऑनलाइन गेम के बहाने साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन मिले।

Reported by Deepak Kumar and edited by Shagun Chaurasia

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में ऑनलाइन गेम के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को बरेली पुलिस ने ऑपरेशन ‘साई व्रज’ के तहत गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

ऑनलाइन जालसाजी गिरोह

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ऑनलाइन गेम और आकर्षक ऑफर का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद विभिन्न तरीकों से बैंक खातों से रकम निकालकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाते थे। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी देवेश के बैंक खाते के जरिए 16,680 रुपये की संदिग्ध साइबर धोखाधड़ी की गई थी, जबकि शिवम गंगवार के खाते में 2 लाख 80 हजार रुपये की ठगी से जुड़ी रकम का लेन-देन सामने आया है।

दो साइबर ठग गिरफ्तार

मामले की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपी को सुभाष नगर थाना क्षेत्र से, जबकि दूसरे को हाफिजगंज थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क, अन्य साथियों और कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। साथ ही उनके बैंक खातों के लेन-देन और डिजिटल उपकरणों की भी जांच की जा रही है।

लोगों से पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन गेम, निवेश या इनाम के लालच में आकर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर दें।

ये भी पढ़ें: धर्म परिवर्तन कराते प्रचारक को हिंदू संगठन ने रंगे हाथों पकड़ा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »