daily news

आज की 10 बड़ी खबरें

Reported by Pushkar Shahi and edited by Pushkar Shahi

1- MP विधानसभा से पास हुआ UCC बिल

मध्य प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को भारी हंगामे और तीखी नोकझोंक के बीच समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पारित हो गया। बिल पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर बहस हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि प्रदेश में अब सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू होगा और किसी भी धर्म के आधार पर अलग-अलग व्यवस्था नहीं चलेगी।

2- किसान दिल्ली कूच में बड़ा फैसला

भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में दिल्ली कूच पर निकले पंजाब के किसानों के आंदोलन में बड़ा मोड़ आ गया है। हरियाणा सरकार की ओर से किसान नेताओं की रिहाई और केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ बैठक कराने की मांग मान लिए जाने के बाद किसान शंभू बॉर्डर से वापस लौटने लगे हैं। हालांकि, किसानों की सबसे बड़ी मांग यानी FTA रद्द करने पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।

3- कैसे हुआ सिक्किम टनल हादसा?

सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन टनल में हुए दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में चल रहे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की सुरक्षा और देरी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को सामरदुंग-झोलुंगेय क्षेत्र में हुए हादसे में अब तक 8 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 लोग टनल के अंदर फसे है। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

4- HC ने सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने का दिया निर्देश

राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन एक बार फिर तेज हो गया है। सोमवार को हुए हंगामे और पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शन स्थल खाली करा दिया गया था, लेकिन देर रात बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पहुंच गए और आंदोलन फिर शुरू हो गया।

5- मुझे माफ करें… उग्र प्रदर्शन के बाद अभिजीत दिपके का बयान

राजधानी दिल्ली में हुए उग्र प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके ने अपने समर्थकों से माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और प्रदर्शनकारियों से भावुक अपील की। साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधा।

6- आधी रात NH पर यात्रियों से भरी डबल डेकर बस का पीछा!

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात यात्रियों से भरी एक प्राइवेट डबल डेकर बस को कथित तौर पर कुछ लोगों ने बीच सड़क पर रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बस को जबरन एक ढाबे की ओर ले जाने के लिए स्कॉर्पियो सवार लोगों ने हाईवे पर उसकी घेराबंदी कर दी। इस घटना से बस में सवार यात्रियों और चालक के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

7- ग्रैंड वेनिस मॉल पर ईडी का बड़ा एक्शन, 700 करोड़ की संपत्तियां कुर्क

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रैंड वेनिस मॉल के संचालक सतिंदर सिंह भसीन और उनसे जुड़ी शेल कंपनियों की 389 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 240.03 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि मौजूदा बाजार मूल्य लगभग 700 करोड़ रुपये आंका जा रहा है। इस कार्रवाई में ग्रेटर नोएडा की व्यावसायिक संपत्तियों के साथ गोवा स्थित संपत्तियां भी शामिल हैं।

8- NDA बैठक में PM मोदी का बड़ा संदेश

 संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को संसद पुस्तकालय भवन के जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, BJP और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दलों के सांसदों ने हिस्सा लिया। बैठक में संसद के मानसून सत्र की रणनीति, सरकार के विधायी एजेंडे और समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

9- आखिर क्यों सड़कों पर उतरे किसान?

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किसानों का विरोध एक बार फिर तेज हो गया है। दिल्ली के किसान घाट पर प्रस्तावित महापंचायत से पहले राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। शंभू बॉर्डर समेत कई प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात है और कई जगहों पर किसानों को दिल्ली की ओर बढ़ने से रोक दिया गया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से जुड़े किसान संगठन इस समझौते को भारतीय कृषि के लिए बड़ा खतरा बताते हुए सरकार से इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

10- PM आवास के बाहर कांग्रेस प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका, मल्लिकार्जुन धरने पर बैठे

पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर सरकार पर छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों पर जवाब देने का दबाव बनाया। इस प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »