MLA Sachin Yadav: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र में मंगलवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सचिन यादव को सदन की कार्यवाही के दौरान किए गए विरोध के बाद पूरे शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद विधानसभा परिसर में राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया। सदन से निलंबित विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सदन ने 4 अगस्त 2026 को पारित प्रस्ताव के तहत उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य-संचालन नियमावली, 2023 के नियम 299(1) के अंतर्गत सचिन यादव को दोपहर 1:25 बजे से पूरे सत्र के लिए सदन की सेवा से निलंबित कर दिया विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया कि निलंबन की अवधि के दौरान सचिन यादव विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें सदन और उसकी विभिन्न समितियों की कार्यवाही में भाग लेने की भी अनुमति नहीं होगी। धरने पर विधायक बताया जा रहा है कि सदन के भीतर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लेकर विरोध प्रदर्शन करने के बाद यह कार्रवाई की गई। इस घटना को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। निलंबन के फैसले के विरोध में सचिन यादव विधानसभा परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए। उनके इस कदम के बाद समाजवादी पार्टी ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया। वहीं, विधानसभा की कार्रवाई और सपा विधायक के विरोध को लेकर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। अब इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। ये भी पढ़ें: पूछताछ के बाद तुरंत दे रिहाई… उदयनिधि स्टालिन की हिरासत पर मद्रास हाईकोर्ट का बड़ा आदेश