Shehzad Poonawalla: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला को लेकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक न तो बीजेपी और न ही स्वयं शहजाद पूनावाला की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है। X बायो अपडेट चर्चा तब तेज हुई जब पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना प्रोफाइल अपडेट किया। नए बायो में उन्होंने 'नेशनल स्पोक्सपर्सन, बीजेपी' का उल्लेख हटा दिया। इसके बजाय उन्होंने लिखा, "धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय. लेखक: GST की यात्रा. पीएम नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी." इसके साथ उन्होंने सिर्फ इतना लिखा, "मेरा अपडेटेड बायो." राजनीति छोड़ने के संकेत इसके कुछ समय बाद उन्होंने अपने दो पुराने वीडियो भी दोबारा साझा किए। इन वीडियो में वह कहते नजर आते हैं कि समाज सेवा केवल राजनीति तक सीमित नहीं है और चुनाव लड़ना ही जनसेवा का एकमात्र माध्यम नहीं है। एक वीडियो में उन्होंने यह भी बताया था कि वह पहले ही सक्रिय राजनीति छोड़ने पर विचार कर चुके थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होने वाले अहम चुनावों को देखते हुए उन्होंने अपना फैसला टाल दिया था। वंशवाद का विरोध 38 वर्षीय शहजाद पूनावाला लंबे समय तक टीवी डिबेट और राजनीतिक मंचों पर बीजेपी का प्रमुख चेहरा रहे हैं। राजनीति की शुरुआत उन्होंने कांग्रेस से की थी, लेकिन 2017 में राहुल गांधी के नेतृत्व और कथित वंशवादी राजनीति का खुलकर विरोध करने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। बाद में वह बीजेपी में शामिल हुए और राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। फिलहाल, उनके इस्तीफे और सक्रिय राजनीति से दूरी को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है। ये भी पढ़ें: भीड़ ने मेरे पिता को मार डालने की कोशिश की… CJP प्रदर्शन पर घायल पुलिसकर्मियों के परिवारों ने सुनाई उस दिन की पूरी कहानी