Opposition Protest Outside Parliament: संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का सबसे चर्चित चेहरा निर्दलीय सांसद पप्पू यादव रहे, जो साधु के वेश में संसद परिसर पहुंचे। विपक्ष ने इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को मुद्दा बनाया। विपक्षी नेता एकजुट प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद, धर्मेंद्र यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी समेत इंडिया ब्लॉक के कई सांसद शामिल हुए। दान पेटी के जरिए दिया संदेश संसद के मकर द्वार के सामने विपक्षी सांसदों ने कई दान पेटियां रखीं। पप्पू यादव साधु के वेश में इन पेटियों के पास बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान एक सांकेतिक नाट्य प्रस्तुति की गई, जिसमें राहुल गांधी और अन्य सांसदों ने दान पेटी में चढ़ावा डाला। इसके बाद पप्पू यादव ने उन पैसों को अपनी जेब में रखकर राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों का प्रतीकात्मक विरोध जताया। https://twitter.com/ANI/status/2083059171155751001 अमित शाह के इस्तीफे की मांग प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। सांसदों ने सवाल उठाया कि अहम मुद्दों पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री सदन में मौजूद क्यों नहीं थे। इस दौरान "अमित शाह इस्तीफा दो", "अमित शाह सदन में आओ" और "चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़" जैसे नारे लगाए गए। इन मुद्दों पर सरकार को घेर रहा विपक्ष इंडिया ब्लॉक का कहना है कि वह अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं और NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगता रहेगा। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी भी इन मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। विपक्ष ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि संसद के भीतर और बाहर यह मुद्दा लगातार उठाया जाएगा। ये भी पढ़ें: BJP से शहजाद पूनावाला की विदाई! X बायो बदलते ही सियासी गलियारों में तेज हुई अटकलें