Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मामले में शामिल बताए जा रहे तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सफर करते समय पकड़ा गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में दो हरियाणा और एक महाराष्ट्र का रहने वाला है। जांच एजेंसियों को इनके कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का शक है। रखी जा रही थी नजर? रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले शूटर प्रशिक्षित थे। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ की दिनचर्या पर नजर रखी थी। उन्हें जानकारी थी कि अभिनेता हर रविवार जुहू फुटबॉल ग्राउंड जाते हैं। बताया जा रहा है कि हमले का समय उस वक्त चुना गया, जब टाइगर अपनी कार में बैठकर वहां से निकल रहे थे। हालांकि, मामले से जुड़े इन पहलुओं की पुष्टि जांच के निष्कर्षों से होनी बाकी है। फायरिंग के बाद ऐसे भागे आरोपी रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी के बाद संदिग्ध विले पार्ले और अंधेरी होते हुए एसवी रोड की ओर भागे। इसके बाद उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक छोड़ दी और बोरीवली की तरफ जाने वाली ट्रेन पकड़ ली। शुरुआती खुफिया जानकारी में यह भी आशंका जताई गई कि पुलिस से बचने के लिए संदिग्ध महाराष्ट्र से गुजरात की ओर चले गए थे। अब कोटा में तीनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद जांच एजेंसियां उनके नेटवर्क, हमले की योजना और कथित गैंग कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं। मामले में गिरफ्तारी और आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के आगे बढ़ने के साथ होगी। ये भी पढ़ें: Jailer 2 Box Office: दो दिन में ₹96 करोड़ पार, तमिल सिनेमा में बनाया बड़ा रिकॉर्ड; अब तीसरे दिन पर नजरें