खेल

KS Bharat Retirement: केएस भरत ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, विराट-रोहित और द्रविड़ का जताया आभार

सात टेस्ट मैचों के बाद भारतीय विकेटकीपर केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया। भावुक पोस्ट में उन्होंने विराट कोहली, रोहित शर्मा, राहुल द्रविड़, परिवार और बीसीसीआई का धन्यवाद किया।

Reported by Tanvi Pandey and edited by Tanvi Pandey

KS Bharat|| KS Bharat retirement||Team India||Cricket news: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश शेयर कर इसकी जानकारी दी। भरत ने अपने क्रिकेट सफर को याद करते हुए उन सभी लोगों को धन्यवाद कहा, जिन्होंने उनके करियर में उनका साथ दिया। भारत के लिए भरत ने सात टेस्ट मैच खेले। वह 2023 की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल टीम का भी हिस्सा रहे थे। उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में खेला गया था।

परिवार के समर्थन को बताया सबसे बड़ी ताकत

अपने संदेश में भरत ने कहा कि भारत के लिए खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। उन्होंने माना कि यहां तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं था, लेकिन देश की जर्सी पहनकर खेलना हर चुनौती से बड़ा अनुभव रहा। उन्होंने अपने माता-पिता और बहन का खास तौर पर धन्यवाद किया। भरत ने कहा कि उनके परिवार ने हर मुश्किल समय में उनका साथ दिया और हमेशा उनका हौसला बढ़ाया।

घरेलू क्रिकेट में बनाया बड़ा नाम

भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। भरत ने 116 प्रथम श्रेणी मैचों में 6102 रन बनाए हैं। उनके नाम एक तिहरा शतक भी है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा स्कोर 308 रन रहा है। उन्होंने अपने संदेश में घरेलू क्रिकेट को लेकर कोई बात नहीं कही, इसलिए फिलहाल उनके घरेलू क्रिकेट खेलते रहने की उम्मीद है।

बीसीसीआई और क्रिकेट से जुड़े लोगों का जताया आभार

भरत ने बीसीसीआई, अपने कोचों, टीम के साथियों और मैनेजरों को धन्यवाद दिया। उन्होंने आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन और विशाखापत्तनम डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके क्रिकेट सफर में इन संस्थाओं की बड़ी भूमिका रही। साथ ही उन्होंने ग्राउंड्समैन की मेहनत को भी याद किया और कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में उनका योगदान भी बेहद अहम होता है।

विराट, रोहित और द्रविड़ का किया खास जिक्र

संन्यास के दौरान भरत ने विराट कोहली, रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ का खास तौर पर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विराट की कप्तानी में उन्हें आईपीएल में पहला मौका मिला, जिससे उन्हें अपनी पहचान बनाने का अवसर मिला। वहीं रोहित की कप्तानी में टेस्ट डेब्यू करना उनके लिए यादगार पल रहा। भरत ने राहुल द्रविड़ को भी अपने क्रिकेट सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि इंडिया-ए से लेकर भारतीय टीम तक पहुंचने में द्रविड़ का मार्गदर्शन और समर्थन हमेशा उनके साथ रहा।

सात टेस्ट मैचों के साथ खत्म हुआ इंटरनेशनल सफर

केएस भरत का अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही लंबा नहीं रहा, लेकिन भारत के लिए खेलना उनके लिए गर्व की बात रही। संन्यास के समय उन्होंने अपने पूरे सफर को याद किया और उन सभी लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके क्रिकेट करियर में किसी न किसी रूप में योगदान दिया।

ये भी पढ़े : सूर्या का पत्ता कटेगा, श्रेयस अय्यर को मिलेगी टी20 कप्तानी ; वैभव सूर्यवंशी को पहली बार मिलेगा मौका!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »