IPL 2026||RCB || IPL||Qualifier 1|| IPL champions|| IPL playoffs: क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ही बनती है चैंपियन? आंकड़े बढ़ा रहे RCB की उम्मीदें IPL इतिहास में ज्यादातर बार क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ने उठाई ट्रॉफी, अब गुजरात, हैदराबाद और राजस्थान के सामने बड़ी चुनौती। IPL 2026 में प्लेऑफ का रोमांच चरम पर आईपीएल 2026 अब अपने सबसे अहम दौर में पहुंच गया है। फाइनल की रेस में चार टीमें बची हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है। अब सबकी नजर एलिमिनेटर मुकाबले पर है, जहां धर्मशाला में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी। इस मैच की विजेता टीम क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची RCB आरसीबी ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर सीधे फाइनल का टिकट कटाया। टीम लगातार दूसरे साल फाइनल में पहुंची है। पिछले सीजन भी बेंगलुरु ने यही रास्ता अपनाया था और आखिर में ट्रॉफी अपने नाम की थी।अब टीम के पास लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का मौका है। खास बात यह है कि आईपीएल का पुराना रिकॉर्ड भी आरसीबी के पक्ष में दिखाई देता है। क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम का रिकॉर्ड मजबूत आईपीएल में 2011 से प्लेऑफ फॉर्मेट शुरू हुआ था। तभी से क्वालिफायर-1, एलिमिनेटर और क्वालिफायर-2 खेले जा रहे हैं। इन 15 सीजन में 12 बार वही टीम चैंपियन बनी, जिसने क्वालिफायर-1 जीता था। यही आंकड़ा आरसीबी के फैंस को उम्मीद दे रहा है। इन टीमों ने क्वालिफायर-1 जीतकर जीता खिताब चेन्नई सुपर किंग्स ने 2011, 2018, 2021 और 2023 में ऐसा किया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2012, 2014 और 2024 में ट्रॉफी उठाई। मुंबई इंडियंस ने 2015, 2019 और 2020 में यही कारनामा किया। गुजरात टाइटंस ने 2022 में और आरसीबी ने 2025 में यह रिकॉर्ड बनाया। सिर्फ तीन बार टूटा यह ट्रेंड आईपीएल इतिहास में केवल तीन बार ऐसा हुआ, जब क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम फाइनल हार गई। यह 2013, 2016 और 2017 में हुआ था। 2016 का सीजन आरसीबी फैंस शायद आज भी नहीं भूले होंगे। उस साल बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार खेल दिखाकर ट्रॉफी जीत ली थी। एलिमिनेटर से ट्रॉफी जीतने वाली इकलौती टीम SRH सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल इतिहास की इकलौती टीम है, जिसने एलिमिनेटर खेलते हुए ट्रॉफी जीती। 2016 में टीम ने पहले एलिमिनेटर जीता, फिर क्वालिफायर-2 और आखिर में फाइनल में आरसीबी को हराया था। अब एक बार फिर हैदराबाद के पास वही इतिहास दोहराने का मौका है। RCB का पांचवां फाइनल आरसीबी अब तक 2009, 2011, 2016, 2025 और 2026 में फाइनल तक पहुंच चुकी है। 2009 में टीम फाइनल हार गई थी। 2011 में क्वालिफायर-2 जीतकर फाइनल पहुंची, लेकिन चेन्नई से हार गई। 2016 में भी खिताबी मुकाबले में हार मिली। फिर 2025 में टीम ने आखिरकार ट्रॉफी जीतकर लंबे इंतजार को खत्म किया। गुजरात, राजस्थान और हैदराबाद के पास बड़ा मौका इतिहास जरूर आरसीबी के साथ नजर आ रहा है, लेकिन आईपीएल में कुछ भी तय नहीं होता। गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स अब भी खिताब की दौड़ में हैं। अगर इनमें से कोई टीम ट्रॉफी जीतती है, तो वह एक बार फिर पुराने रिकॉर्ड बदल देगी। अब सबकी नजर 31 मई को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल पर टिकी है। ये भी पढ़ें : Qualifier1: RCB से हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गरजे ग्लेन फिलिप्स, गिल-नेहरा नहीं आए नजर