Plastic Free Auraiya: उत्तर प्रदेश के औरैया शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद ने बड़े स्तर पर प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान की शुरुआत की है। अभियान का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। प्लास्टिक का बंद करे इस्तेमाल अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण, जल स्रोतों और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। लोगों से प्लास्टिक थैलियों और अन्य एकल उपयोग वाले प्लास्टिक उत्पादों का इस्तेमाल बंद कर कपड़े और जूट से बने बैग अपनाने की अपील की गई।नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर के निर्माण में आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहयोग से ही प्लास्टिक मुक्त औरैया का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। लगेगा अब जुर्माना नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राम आसरे कमल ने बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। इसके तहत जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया जा सकता है। नगर पालिका प्रशासन ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने और शहर को स्वच्छ, सुंदर तथा प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील की है। ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सपा का विरोध, दोषियों पर कार्रवाई की मांग