उत्तर प्रदेश

लाल टोपी से नीली टी-शर्ट तक! अखिलेश का ‘ब्लू प्लान’ क्या बदलेगा UP की सियासत?

2027 चुनाव से पहले सपा ने नीले रंग को अपनाने की तैयारी की है। छात्र सभा की नई यूनिफॉर्म से दलित युवाओं को साधने की रणनीति पर चर्चाएं तेज।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

SP Blue Uniform: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी रंग बदलते नजर आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी अब अपने पारंपरिक लाल रंग के साथ नीले रंग को भी संगठनात्मक पहचान देने की तैयारी में है। सपा की छात्र सभा के सदस्यों के लिए नई यूनिफॉर्म में नीली टी-शर्ट और जींस शामिल किए जाने की चर्चा है। नीला रंग लंबे समय से दलित और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा से जोड़ा जाता रहा है। बसपा और आजाद समाज पार्टी जैसे दल इसे अपनी राजनीतिक पहचान का हिस्सा बनाते रहे हैं। ऐसे में सपा का नीले रंग की ओर बढ़ना यूपी की चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

दलित युवाओं पर नजर

सपा की राजनीति में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को अहम माना जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, नीले रंग को संगठन से जोड़ने के पीछे दलित युवाओं तक पहुंच बढ़ाने और उन्हें पार्टी से जोड़ने की रणनीति हो सकती है। पार्टी अपने युवा संगठनों को अलग पहचान देने पर भी काम कर रही है। सपा के कई युवा संगठन हैं और पार्टी इनकी भूमिकाओं को अधिक स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है। इसी क्रम में अलग-अलग संगठनों के लिए ड्रेस कोड तय करने की योजना सामने आई है।

Gen-Z और Gen-Alpha को साधने की तैयारी

सपा छात्र सभा के स्तर पर युवाओं के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति भी तैयार की जा रही है। पार्टी का फोकस खासतौर पर Gen-Z और Gen-Alpha से जुड़े मुद्दों पर रहने की बात कही जा रही है। सपा पहले से ही शिक्षा और सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर अभियान चला रही है। पार्टी करीब 26 हजार प्राथमिक स्कूलों के बंद होने का मुद्दा उठाकर ‘PDA पाठशाला’ जैसे कार्यक्रम भी कर चुकी है।

BJP ने साधा निशाना

सपा के संभावित ‘ब्लू प्लान’ पर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं। बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने इसे दलित मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश बताया। उनका कहना है कि केवल कपड़ों का रंग बदलने से राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं बदलता। दूसरी ओर, सपा का तर्क है कि यह बदलाव मुख्य रूप से संगठन को नई पहचान देने और युवाओं तक पहुंच मजबूत करने की कवायद है।

अखिलेश यादव की इस रणनीति का असली असर 2027 के चुनाव में कितना दिखाई देगा, यह तो वक्त बताएगा। लेकिन फिलहाल यूपी की सियासत में सवाल यही है क्या सपा का नीला रंग PDA के समीकरण को और मजबूत करेगा?

ये भी पढ़ें: लखनऊ फिर नंबर 1, हवा सुधार में देशभर को पछाड़ा, दिल्ली में मिला बड़ा सम्मान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »