उत्तर प्रदेशकानपुर

गाड़ी से उतरने को कहा तो भड़के SI… CNG पंप पर दरोगा का हंगामा, VIDEO वायरल

कानपुर के चौबेपुर में CNG पंप पर सब-इंस्पेक्टर और कर्मचारियों के बीच विवाद से हंगामा मच गया। CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में चौबेपुर थाना क्षेत्र के मरियानी में हाईवे किनारे स्थित CNG पंप पर रविवार रात उस वक्त हंगामा हो गया, जब चौबेपुर थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर और पंप कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने तूल पकड़ लिया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, कथित तौर पर SI पंकज मिश्रा अपनी कार में CNG भरवाने पंप पहुंचे थे। CNG भरते समय पंप कर्मचारी ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए उन्हें गाड़ी से नीचे उतरने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात पर दरोगा नाराज हो गए। उन्होंने गाड़ी से उतरकर कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई और गाली-गलौज की गई। पंप पर मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

CCTV में कैद हुआ पूरा विवाद

पंप पर लगे CCTV कैमरे में विवाद का घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने भी अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। घटना के बाद यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी मामले का संज्ञान लिया है।

पंप संचालक ने अधिकारियों से शिकायत की बात कही

CNG पंप संचालक सर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही है। उनका कहना है कि पंप पर सुरक्षा नियमों के तहत ही कर्मचारी ने वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा था।

पुलिस अधिकारियों ने शुरू कराई जांच

चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि SI पंकज मिश्रा के खिलाफ CNG पंप पर विवाद की शिकायत मिली है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

ACP बोले- फुटेज और साक्ष्यों की जांच होगी

ACP बिल्हौर अंकित कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंपकर्मी और एक SI के बीच कहासुनी की बात सामने आई है। वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच की जा रही है। घटना से संबंधित उपलब्ध CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: कानपुर में H1N1 का बढ़ा खतरा, एक मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बेड-वेंटिलेटर हुए रिजर्व

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »