Noida News: नोएडा के सेक्टर-50 में पालतू कुत्ते को घुमाने निकली एक महिला पर पिटबुल ने हमला कर दिया। हमले में महिला को दो बार काटा गया और गिरने से उनकी टेल बोन में फ्रैक्चर हो गया। घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। क्या है पूरा मामला पीड़िता निधि राठी (40) ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे वह अपने पोमेरियन नस्ल के पालतू कुत्ते को टहला रही थीं। इसी दौरान रामाज्ञा स्कूल के पास सामने से एक व्यक्ति अपने पिटबुल के साथ आता दिखाई दिया। आरोप है कि पोमेरियन को देखते ही पिटबुल अचानक आक्रामक हो गया और महिला पर झपट पड़ा। महिला के अनुसार पिटबुल ने उनके बाएं हाथ पर दो बार काट लिया। इसके बाद उसने उनके पालतू कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की। कुत्ते को बचाने के प्रयास में निधि राठी नीचे गिर गईं, जिससे उनकी टेल बोन में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद सदमे में घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। निधि राठी का कहना है कि हादसे के बाद वह सदमे में हैं और सामान्य रूप से चल-फिर भी नहीं पा रही हैं। महिला के पति तरुण राठी ने सेक्टर-50 थाना पुलिस में पिटबुल के मालिक के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में पालतू खतरनाक नस्ल के कुत्तों की सुरक्षा व्यवस्था और नियंत्रण को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। ये भी पढ़ें: बारिश में नोएडा की iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा ढहा, मलबे में दबीं दो कारें