Greater Noida ATS Society Accident: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-152 की एक निर्माणाधीन एटीएस सोसाइटी में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ऊंचाई पर कार्य कर रहे दो मजदूर अचानक संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर रूप से चोटिल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कैसे हुआ हादसा मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 40 वर्षीय अब्दुल समद और 25 वर्षीय रहीसुद्दीन हक के रूप में हुई है। दोनों निर्माण कार्य में लगे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मजदूर ऊंचाई पर काम कर रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे आ गिरे, जिससे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साथी मजदूरों और साइट पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सुरक्षा पर उठे सवाल सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस दर्दनाक घटना ने निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। ये भी पढ़ें: नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 21 फोन और चोरी की बाइक के साथ दो गिरफ्तार