CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार को प्रस्तावित नोएडा दौरे को लेकर जिला प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण की पूरी टीम युद्धस्तर पर तैयारियों में लगी हुई है। इस दौरे के दौरान सीएम योगी नोएडा प्राधिकरण के बड़े नए प्रशासनिक कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे शहर को सजाने और सड़कों को सुधारने का कार्य तेज़ी से चल रहा है। अधिकारियों का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के स्वागत में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। सेक्टर-96 हेलीपैड, जेसीबी तैनात इस VIP दौरे के लिए सेक्टर-96 में नए प्रशासनिक कार्यालय के पास एक खाली स्थल पर अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है। हेलीपैड के पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए लगभग सात जेसीबी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। जेसीबी से जमीन को पूरी तरह से बराबर किया जा रहा है। इसके साथ ही, काम के दौरान और मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के समय धूल-मिट्टी न उड़ने के लिए वाटर स्प्रिंकलर से लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। हेलीपैड तक सड़क, सफाई चाक-चौबंद प्रशासनिक टीम न केवल हेलीपैड बल्कि उसके आसपास के मार्गों को भी संवारने में व्यस्त है। मुख्य सड़क से हेलीपैड तक आने-जाने वाले रास्ते पर तेजी से नई सीमेंटेड सड़क का निर्माण किया गया है, ताकि मुख्यमंत्री के काफिले को कोई परेशानी न हो। इसके अलावा नए कार्यालय परिसर के भीतर और बाहर व्यापक सफाई अभियान चलाकर उसे सुंदर बनाया जा रहा है। इस नए और आधुनिक कार्यालय को पूरी तरह से तैयार करने में प्राधिकरण द्वारा लगभग 390 करोड़ रुपये की बड़ी रकम खर्च की गई है। सेक्टर-6 दफ्तर नए भवन में शिफ्ट इस नए अत्याधुनिक प्रशासनिक भवन के उद्घाटन के बाद नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली में महत्वपूर्ण परिवर्तन होगा। वर्तमान में सेक्टर-6 में स्थित मुख्य कार्यालय के कई महत्वपूर्ण विभाग इस नए परिसर में स्थानांतरित किए जाएंगे। इसके अलावा, शहर के विभिन्न सेक्टरों में मौजूद प्राधिकरण के अन्य कार्यालयों के प्रमुख विभागों को भी एक ही स्थल पर लाया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को अपने कार्य कराने में सुविधाएं मिलेंगी। नए भवन के साथ, मुख्यमंत्री कुछ अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन कर सकते हैं। दो बार टलने के बाद सीएम का कार्यक्रम फाइनल यह ध्यान देने योग्य है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा Visit का कार्यक्रम इससे पहले दो बार अनिवार्य कारणों से स्थगित हो चुका है। सबसे पहले जून के दूसरे सप्ताह में मुख्यमंत्री के आगमन की संभावनाओं को देखते हुए अधिकारियों ने इस कार्यालय और आसपास की सभी सड़कों को पूरी तरह से तैयार कर लिया था, लेकिन व्यस्तता और समय की कमी के चलते यह कार्यक्रम तब अंतिम रूप नहीं ले सका था। अब शनिवार के निर्धारित दौरे की पुष्टि होने के बाद प्रशासनिक टीमें एक बार फिर पूरी तैयारी के साथ मैदान में जुटी हैं। ये भी पढ़े : कोंडली नाला सफाई में वर्षों की देरी, जुर्माने के बाद भी नहीं बदले हालात