नोएडा

गौतमबुद्धनगर में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, एक दिन में 5053 वाहनों के चालान

​बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों पर टूटा पुलिस का कहर; नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ जिले भर में चला विशेष चेकिंग ड्राइव।

Reported by India Headlines and edited by Kashish Solanki

Traffic Police Drive: गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को लापरवाह चालकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक दिन मं रिकॉर्ड 5,053 वाहनों के चालान काटते हुए नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 23 वाहनों को मौके पर ही सीज  कर लिया । ट्रैफिक प्रभारी अभय कुमार मिश्र ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई जिले में यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से की गई थी। पूरे अभियान में पुलिस की टीमों ने मैनुअल चेकिंग से 1,967 चालान किए, जबकि सड़क पर लगे अत्याधुनिक आईटीएमएस (ITMS) कैमरों की मदद से 3,086 ई-चालान जारी किए गए।

नियम तोड़ने वालों पर सख्त पुलिस कार्रवाई

इस अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई उन  वाहन चालकों पर हुई जो हेलमेट के बिना बाइक चला रहे थे। पुलिस ने ऐसे 2,034 चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए, जो बिना सुरक्षा के सड़कों पर थे। इसके साथ ही, निर्धारित गति सीमा से अधिक चलाने वाले 476 लोगों के चालान भी किए गए।  गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 546 चालकों पर भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। पुलिस की इस मुहिम में बिना वैध इंश्योरेंस के चल रहे 284 वाहनों और नो-पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से गाड़ियां खड़ी करने वाले 515 वाहन मालिकों के खिलाफ चालान किया गया, जबकि वायु प्रदूषण फैलाने वाले और मानकों का उल्लंघन करने वाले 109 वाहनों को भी नहीं छोड़ा गया।

सड़क सुरक्षा जागरूकता और भविष्य की योजना

चालान और जब्ती की इस  कार्रवाई के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस ने अट्टा पीर चौराहा मार्ग पर एक बड़ा जन-जागरूकता अभियान भी चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आम जनता और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया। उन्हें हमेशा आईएसआई (ISI) मार्क वाले असली हेलमेट पहनने, सभी तरह के ट्रैफिक नियमो का सख्ती से पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की आदतें अपनाने की सलाह दी । ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों का  कहना है कि सड़क हादसों को रोकने और शहर की यातायात व्यवस्था को आसान व सुरक्षित बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान पूरी गंभीरता के साथ  जारी रहेंगे।

ये भी पढ़े : ग्रेटर नोएडा में गरजा बुलडोजर, अतिक्रमण पर प्राधिकरण का बड़ा एक्शन

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »