Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से 15 जून से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है। इससे पहले एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को निर्बाध और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं का व्यापक परीक्षण किया। बुधवार को ग्राउंड स्टाफ, सुरक्षा एजेंसियों और संचालन टीमों ने एयरपोर्ट की विभिन्न प्रक्रियाओं का रिहर्सल कर तैयारियों को परखा। कर्मचारियों को ही यात्री बनाकर हुआ ट्रायल ट्रायल के दौरान सेल्फ बैगेज ड्रॉप, बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, चेक-इन प्रक्रिया, बोर्डिंग गेट्स और एरोब्रिज संचालन की जांच की गई। कर्मचारियों को ही यात्री बनाकर पूरे यात्री अनुभव का परीक्षण किया गया, ताकि संचालन शुरू होने पर किसी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या सामने न आए। एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। सीआईएसएफ जवानों ने प्रवेश द्वार से लेकर सुरक्षा जांच तक पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया। वहीं, एयरसाइड और बाहरी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से तैयारियों की समीक्षा की। 15 जून तक परीक्षण रहेंगे जारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और सुरक्षा मानकों से संबंधित एजेंसियों के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी उपकरणों और सुरक्षा प्रणालियों की भी जांच की गई। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक 15 जून तक ऐसे परीक्षण लगातार जारी रहेंगे ताकि उड़ान संचालन के पहले हर व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त हो सके। सभी तैयारियां हुई पूरी एयरपोर्ट परिसर में पुलिस थाना और कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिए गए हैं। इसके साथ ही पीसीआर गश्त, बैरिकेडिंग और सुरक्षा तैनाती की व्यवस्था लागू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियों को पूरा कर लिया जाएगा और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ये भी पढ़ें: Greater Noida Infrastructure: पश्चिम UP की सड़कों पर होगा बड़ा बदलाव! मेरठ-नोएडा समेत 4 शहरों के लिए बना खास प्लान