Tree Conservation : नोएडा के सेक्टर-105 में पर्यावरण को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया है। यहाँ एक पार्क को फिर से विकसित और सुंदर बनाने के नाम पर 60 हरे-भरे पेड़ों को काट दिया गया । इस कदम के बाद नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ स्थानीय निवासियों और पर्यावरण प्रेमियों में भारी गुस्सा है। लोगों का मानना है कि जब शहर में प्रदूषण कम करने के लिए नए पौधे लगाने की जरूरत है, तब पुराने पेड़ों को बेरहमी से काटा जा रहा है। सुंदरता के नाम पर हरियाली का नुकसान जानकारी के अनुसार, सेक्टर-105 के एक हिस्से में स्थित पार्क का सौंदर्यीकरण चल रहा है। प्राधिकरण इसे एक आधुनिक रूप देना चाहता है, जिसमें वॉकिंग ट्रैक और बच्चों के खेलने के लिए जगह बनाई जाएगी। लेकिन आरोप है कि इस काम में बाधा डाल रहे कई पुराने और घने पेड़ों को ठेकेदारों ने काट दिया। जब स्थानीय निवासियों को इस बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने मौके पर जाकर काम रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी पेड़ कट चुके थे। स्थानीय निवासियों ने जताई कड़ी आपत्ति सेक्टर के आरडब्ल्यूए (RWA) और अन्य निवासियों ने इस घटना पर गंभीर विरोध किया है। उनका कहना है कि पार्क को खूबसूरत बनाने का मतलब यह नहीं है कि वहां के पुराने पेड़ों, जो ऑक्सीजन देते हैं, को काट दिया जाए। अधिकारियों से जवाब की मांग निवासियों ने इस मामले की शिकायत नोएडा प्राधिकरण के अधिकाकीयो से की है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर पेड़ों की बेतरतीब कटाई पर तुरंत रोक नहीं लगी और इसके लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। दूसरी तरफ, अधिकारियों का कहना है कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या पेड़ों को काटने के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं। ये भी पढ़े : नोएडा में बिजली व्यवस्था होगी और सशक्त, 19 नए सबस्टेशनों में 13 निर्माण के अंतिम चरण में