उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

दिल्ली-NCR को मिलेगा नया इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम! 45 हजार दर्शकों के लिए तैयार होगा बड़ा प्लान

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में 33 एकड़ में 45 हजार दर्शक क्षमता वाला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा। GDA ने DPR और सर्वे के लिए सलाहकार एजेंसी प्रक्रिया शुरू की।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Ghaziabad Cricket Stadium: दिल्ली-NCR के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में एक नए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। करीब 33 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस स्टेडियम में एक साथ 45 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने सर्वे और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त करने को रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी किया गया है। इच्छुक एजेंसियां 18 सितंबर तक आवेदन कर सकती हैं, जबकि 21 सितंबर को तकनीकी प्रक्रिया के तहत बिड खोली जाएगी।

GDA-UPCA मिलकर संभालेंगे पूरा प्रोजेक्ट

स्टेडियम का निर्माण उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) और GDA मिलकर करेंगे। परियोजना में जमीन, निर्माण और संचालन से जुड़े अधिकार दोनों संस्थाओं के बीच 50-50 फीसदी रहेंगे। इससे पहले दोनों पक्षों ने प्रस्तावित स्टेडियम का डिजाइन तैयार किया था। डिजाइन का प्रेजेंटेशन आवास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद के सामने किया गया, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अब अगला चरण शुरू कर दिया गया है।

DPR के बाद होगा बड़ा समझौता

सलाहकार एजेंसी के चयन के बाद उसे परियोजना का विस्तृत सर्वे करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके आधार पर लेआउट और DPR तैयार होगी। अधिकारियों के मुताबिक इस प्रक्रिया में करीब दो महीने लग सकते हैं। DPR तैयार होने के बाद GDA और UPCA के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।

PPP मॉडल पर निर्माण

राजनगर एक्सटेंशन में स्टेडियम के लिए 33 एकड़ जमीन पहले ही चिह्नित की जा चुकी है। परियोजना को PPP मॉडल पर विकसित करने की योजना है। UPCA ने इस जमीन को करीब 70 करोड़ रुपये में खरीदा है। प्रस्तावित स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ऐसे में आने वाले समय में यह सिर्फ क्रिकेट मैचों का मैदान नहीं, बल्कि दिल्ली-NCR के बड़े खेल केंद्रों में शामिल हो सकता है।

अब नजर इस बात पर है कि DPR और MoU की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है और 45 हजार दर्शकों वाला यह इंटरनेशनल स्टेडियम कब आकार लेना शुरू करता है।

ये भी पढ़ें: नोएडा की चमक के पीछे कूड़े का अंधेरा! सफाई व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »