Delhi Road Accident: दिल्ली के आरके पुरम इलाके में सड़क हादसे का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। 17 सितंबर की रात अफ्रीका एवेन्यू रोड पर एक कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बाइक को कुछ दूरी तक घसीटती हुई आगे बढ़ गई। मामले में पुलिस ने 73 वर्षीय चालक को गिरफ्तार किया है। रात करीब 10 बजे हुआ हादसा पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 10 बजे भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई। मुनिरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनिष्क टोकस अपनी काली मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी करके बैठे थे। इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल अपनी नीले रंग की होंडा अमेज कार से वहां पहुंचे। कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण तनिष्क बाइक से गिर गए, जबकि कार मोटरसाइकिल को कुछ दूर तक घसीटती चली गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक कार के साथ नहीं घसीटा गया था। मेडिकल जांच में उसे कोई गंभीर चोट नहीं मिली। पुलिस ने कार जब्त कर चालक को पकड़ा हादसे की सूचना पुलिस को रात करीब 10:22 बजे मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान हादसे में शामिल नीले रंग की होंडा अमेज को जब्त कर लिया गया और चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार किया गया। आरके पुरम थाने में एफआईआर संख्या 221/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। चालक की मेडिकल जांच भी कराई गई, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और सामने आए वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। ये भी पढ़ें: 2 किमी तक पीछा करने के बाद टक्कर… गुरुग्राम बाइकर केस में कई बड़े खुलासे