Gurugram Hit and Run: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय SIT गठित की है। CCTV से सामने आई पीछा करने की बात SIT की जांच में सामने आया है कि सेक्टर-53 मेट्रो स्टेशन के आसपास बाइकर्स के समूह और कार सवारों के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद कार ने बाइक का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया और फिर उसे टक्कर लगी। CCTV और बाइकर्स के कैमरा फुटेज को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। कार में मौजूद था आरोपी का चचेरा भाई जांच के मुताबिक घटना के समय कल्याण बैंसला कार चला रहा था, जबकि उसका चचेरा भाई लवनीश उसके साथ मौजूद था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है और अदालत ने दोनों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस इस दौरान घटनास्थल पर क्राइम सीन दोबारा रीक्रिएट करेगी। नशे की जांच रिपोर्ट का इंतजार पुलिस ने बैंसला के ब्लड और यूरिन सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद घटना के समय उसके नशे में होने संबंधी आरोपों की पुष्टि या स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कार में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। FIR में गंभीर धाराएं जोड़ी गईं पुलिस ने CCTV और उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच के बाद मामले में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराएं जोड़ी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बैंसला ने जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार करते हुए इसे दुर्घटना बताया है। अब SIT की जांच, CCTV फुटेज और फोरेंसिक रिपोर्ट से घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है। ये भी पढ़ें: गुरुग्राम हिट एंड रन में बड़ा एक्शन! राजस्थान से गिरफ्तार हुआ आरोपी